रूद्रपुर। जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन ऊधम सिंह नगर की ओर से सिटी क्लब में आयोजित दो दिवसीय उत्तराखंड स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप का मेयर रामपाल सिंह एवं कुमाऊ विश्वविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी डॉ नागेंद्र प्रसाद शर्मा ने संयुक्त रूप से विधिवत शुभारम्भ किया।
इस दौरान मेयर ने कहा कि जिस प्रकार व्यक्ति के मानसिक विकास के लिए शिक्षा का महत्व है उसी प्रकार व्यक्ति के शारीरिक विकास के लिए खेल महत्वपूर्ण है। खेलों से तन और मन दोनों ही स्वस्थ रहते हैं तथा मानव में धैर्य, सहनशीलता एवं मानवीय गुणों का विकास होता है। खेल हमारे जीवन का आवश्यक हिस्सा है। स्वस्थ शरीर और दिमाग को विकसित करने के लिए खेल महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेल हमारे शारीरिक के साथ मानसिक विकास में मदद करते हैं। ऐसे में खेल इस तनाव को दूर करने का बेहतर माध्यम है। जिस तरह दिमाग के सही विकास के लिए शिक्षा जरूरी है, उसी तरह शारीरिक विकास के लिए खेल महत्वपूर्ण हैं। आज पढ़ाई के साथ साथ खेलों को महत्व देना जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष रूप प्रयास कर रही है।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पूजा यादव, खुशबू यादव, प्रियंका बोरा, कोच सलीम मोहम्मद, हरीश सिंह ,आमिर खान को सम्मानित किया। प्रतियोगिता में ऊधम सिंह नगर, देहरादून, बागेश्वर, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल, हरिद्वार , चंपावत, 9 जिलों से 280 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। इस प्रतियोगिता से गुवाहाटी में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इस दौरान जिला ताइक्वांडो संघ अध्यक्ष गुलाब सिंह सिरोही,अमित शर्मा,कुशाल सिंह, सलीम मोहम्मद,शशिकांत, कमल बिष्ट, नीरज कुमार, आमिर मोहम्मद, मनीष सनवाल, नौबत राम, कैलाश शर्मा, सोनिया, लवी, प्रिया, ममता, आयुष सिंह, लक्ष्य धोनी सहित बच्चों के अभिभावक मौजूद रहे।