विश्व करुणा दिवस पर मानवता, सेवा और संवेदना का दिव्य संकल्प
💥परमार्थ पीठाधीश्वर, पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी के कर-कमलों द्वारा एम.एस.एस. रिहैबिलिटेशन एंड रिसर्च सेंटर, यूनिट महावीर सेवा सदन, कोलकाता का शिलान्यास

कोलकाता/ऋषिकेश, 28 नवम्बर। विश्व करुणा दिवस के पावन अवसर पर मानवता, सेवा, संवेदना और समर्पण का एक नया अध्याय जुड़ा। इस विशेष अवसर पर एम.एस.एस. रिहैबिलिटेशन एंड रिसर्च सेंटर, यूनिट महावीर सेवा सदन] कोलकाता का शिलान्यास परमार्थ पीठाधीश्वर पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी के पावन कर-कमलों द्वारा सम्पन्न हुआ।
यह उन असंख्य लोगों में आशा, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का प्रकाश प्रज्वलित करने का संकल्प है, जिन्हें उपचार, पुनर्वास और संवेदनशील सहयोग की आवश्यकता है।
इस अवसर पर पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने कहा कि करुणा, किसी के दुःख को कम करने के लिये स्वयं आगे बढ़ना है। करुणा का वास्तविक अर्थ है किसी के जीवन में आशा बनकर पहुँचना, किसी के आँसुओं को पोंछना और किसी को फिर से अपने पैरों पर खड़ा होने का साहस देना। सेवा तभी सार्थक होती है, जब वह जरूरतमंद व्यक्ति को केवल सहायता ही नहीं, बल्कि सम्मान, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता भी प्रदान करे।
उन्होंने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति का मूल मंत्र ही सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः है। हमारी संस्कृति में सेवा को साधना और परोपकार को परम धर्म माना गया है। भगवान महावीर का अहिंसा, करुणा, अपरिग्रह और जीव मात्र के प्रति संवेदना का संदेश आज भी मानवता के लिये अत्यंत प्रासंगिक है। परमार्थ निकेतन व महावीर सेवा सदन की यह पहल उन्हीं मानवीय मूल्यों को धरातल पर साकार करने का सुंदर प्रयास है।
पूज्य स्वामी जी ने कहा कि दिव्यांगता या शारीरिक चुनौतियाँ किसी व्यक्ति की क्षमताओं, सपनों और संभावनाओं की सीमा निर्धारित नहीं कर सकतीं। आवश्यकता है उचित चिकित्सा, आधुनिक पुनर्वास सुविधाओं, अनुकूल वातावरण और समाज के संवेदनशील सहयोग की। प्रत्येक व्यक्ति को गरिमा के साथ जीवन जीने, आगे बढ़ने और अपनी क्षमताओं को पहचानने का अवसर मिलना चाहिए। यह केंद्र इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।
उन्होंने कहा कि जब हम किसी पीड़ित, जरूरतमंद या असहाय व्यक्ति की सहायता करते हैं, तब वास्तव में हम ईश्वर की ही आराधना करते हैं। नर सेवा ही नारायण सेवा है और मानवता की सेवा ही सबसे बड़ी साधना है।
एम.एस.एस. रिहैबिलिटेशन एंड रिसर्च सेंटर, यूनिट महावीर सेवा सदन का यह नया केंद्र व्यापक मानवीय दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। पुनर्वास केवल शारीरिक उपचार तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह व्यक्ति के आत्मविश्वास, मानसिक संबल, सामाजिक सहभागिता और स्वतंत्र जीवन की संभावनाओं को पुनर्स्थापित करने की प्रक्रिया है। यह केंद्र अनेक लोगों और उनके परिवारों के लिये नई उम्मीद का आधार बने, यही मंगलकामना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *