आपदा प्रबंधन दिवस पर हरिद्वार में 11 स्थानों पर एक साथ हुई मॉक एक्सरसाइज, 155 घायलों का सफल रेस्क्यू

बाढ़, भगदड़, अग्निकांड, भूकंप और सड़क दुर्घटना जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में परखी गई राहत एवं बचाव की तैयारियां

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य, राजस्व सहित विभिन्न विभागों ने किया संयुक्त अभ्यास

सभी मॉकड्रिल स्थलों पर 11 ऑब्जर्वर किए गए तैनात

हरिद्वार,  आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर जनपद में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों की क्षमता का परीक्षण करने के उद्देश्य से शनिवार को राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज आयोजित की गई। उत्तराखंड शासन के निर्देशों एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद के 11 अलग-अलग स्थानों पर एक साथ मॉक अभ्यास किया गया। इस दौरान भूकंप, बाढ़, भगदड़, अग्निकांड एवं सड़क दुर्घटना जैसी आपदाओं की काल्पनिक परिस्थितियां तैयार कर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया। मॉक एक्सरसाइज के दौरान विभिन्न घटनास्थलों पर घायल दर्शाए गए कुल 155 लोगों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र हरिद्वार को प्रातः 9:35 बजे सूचना प्राप्त हुई कि जनपद के कई क्षेत्रों में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। सूचना मिलते ही राजकीय इंटर कॉलेज बीएचईएल हरिद्वार में भूकंप के कारण विद्यालय की छत गिरने तथा कुछ बच्चों के मलबे में दबे होने की सूचना दी गई। इसके तत्काल बाद जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में इंसिडेंट रिस्पांस सिस्टम (आईआरएस) सक्रिय किया गया। स्टेजिंग एरिया तैयार करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आपदा प्रबंधन की टीमों को घटनास्थलों के लिए रवाना किया गया। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के माध्यम से संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर राहत एवं बचाव कार्यों का संचालन किया गया।
मॉक एक्सरसाइज के अंतर्गत तहसील रुड़की के अटल उत्कृष्ट इंटर कॉलेज रुड़की एवं नेहरू राष्ट्रीय इंटर कॉलेज मंगलौर तथा तहसील भगवानपुर के आरएनआई इंटर कॉलेज में भी भूकंप से विद्यालय भवन क्षतिग्रस्त होने और बच्चों के मलबे में फंसे होने की काल्पनिक परिस्थितियां तैयार की गईं। संबंधित खोज एवं बचाव टीमों ने मौके पर पहुंचकर मलबे में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने तथा घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने का अभ्यास किया।
इसी क्रम में तहसील खानपुर क्षेत्र में भूकंप के तेज झटके महसूस होने तथा नेशनल कन्या इंटर कॉलेज खानपुर के भवन के दो कक्ष क्षतिग्रस्त होने का परिदृश्य तैयार किया गया। सूचना के अनुसार कुछ छात्र मलबे में फंस गए थे। विद्यालय स्टाफ एवं स्थानीय लोगों की मदद से कुछ बच्चों को बाहर निकाला गया, जबकि शेष बच्चों के रेस्क्यू के लिए आपदा कंट्रोल रूम, पुलिस, चिकित्सा विभाग एवं एसडीआरएफ को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची राहत एवं बचाव टीमों ने 22 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। इनमें से 12 लोगों को चिकित्सा केंद्र तथा 10 लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजने का अभ्यास किया गया।
औद्योगिक क्षेत्रों में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए सिडकुल रोशनाबाद स्थित हीरो मोटोकॉर्प कंपनी एवं एकम्स ड्रग्स एंड फार्मास्यूटिकल्स लिमिटेड में विद्युत शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने तथा प्लांट में घना धुआं फैलने का काल्पनिक परिदृश्य तैयार किया गया। इस दौरान अग्निशमन विभाग एवं अन्य संबंधित टीमों ने आग पर नियंत्रण पाने, कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने तथा घायलों को उपचार उपलब्ध कराने की तैयारियों का अभ्यास किया।
मॉक एक्सरसाइज में चंडीघाट पुल के समीप यात्रियों से भरी बस एवं ट्रक के बीच टक्कर होने से कई लोगों के घायल होने की काल्पनिक सूचना भी शामिल की गई। इसके अतिरिक्त हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर अत्यधिक भीड़ के कारण भगदड़ की स्थिति उत्पन्न होने और श्रद्धालुओं के घायल होने का परिदृश्य तैयार कर पुलिस, स्वास्थ्य एवं राहत-बचाव टीमों की तत्परता और आपसी समन्वय को परखा गया।
वहीं, हरकी पैड़ी स्थित शिव पुल पर गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण कुछ यात्रियों के बहने की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई। सूचना पर जल पुलिस की टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें से दो लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजने का अभ्यास किया गया।
आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में स्टेजिंग एरिया, रिलीफ कैंप एवं घटनास्थल निर्धारित किए गए थे। हरिद्वार क्षेत्र में रामलीला मैदान बीएचईएल सेक्टर-4 को स्टेजिंग एरिया तथा भारती इंटर कॉलेज सेक्टर-4 को रिलीफ कैंप बनाया गया। जिला चिकित्सालय हरिद्वार, हीरो मोटोकॉर्प प्लांट एवं राजकीय इंटर कॉलेज बीएचईएल को घटनास्थल के रूप में निर्धारित किया गया।
लक्सर एवं खानपुर क्षेत्र में राजकीय इंटर कॉलेज गोवर्धनपुर, लक्सर को स्टेजिंग एरिया एवं रिलीफ कैंप बनाया गया, जबकि राजकीय इंटर कॉलेज रायसी तथा नेशनल कन्या इंटर कॉलेज खानपुर को घटनास्थल निर्धारित किया गया। रुड़की क्षेत्र में एचआरडीए कार्यालय रुड़की को स्टेजिंग एरिया तथा नगर निगम रैन बसेरा रुड़की को रिलीफ कैंप बनाया गया। अटल उत्कृष्ट इंटर कॉलेज रुड़की एवं नेहरू राष्ट्रीय इंटर कॉलेज मंगलौर को घटनास्थल के रूप में चिह्नित किया गया।
भगवानपुर क्षेत्र में तहसील कार्यालय परिसर भगवानपुर को स्टेजिंग एरिया एवं रिलीफ कैंप बनाया गया तथा आरएनआई इंटर कॉलेज भगवानपुर को घटनास्थल निर्धारित किया गया। वहीं, औद्योगिक एवं रेलवे स्टेशन क्षेत्र के लिए रामलीला मैदान बीएचईएल सेक्टर-4 को स्टेजिंग एरिया तथा भारती इंटर कॉलेज सेक्टर-4 को रिलीफ कैंप बनाया गया। एकम्स ड्रग्स एंड फार्मास्यूटिकल्स लिमिटेड एवं हरिद्वार रेलवे स्टेशन को घटनास्थल के रूप में निर्धारित किया गया।
मॉक एक्सरसाइज के समापन के बाद जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय में ऑब्जर्वर्स की उपस्थिति में डी-ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों से मॉक अभ्यास के दौरान सामने आई कमियों, घटनास्थलों तक पहुंचने के रिस्पांस टाइम, संसाधनों की उपलब्धता एवं विभागों के बीच समन्वय को लेकर चर्चा की गई। साथ ही भविष्य में आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
मॉक ड्रिल में आईआरएस सिस्टम के अंतर्गत नामित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ राजस्व, एनडीआरएफ, पीएसी, पेयजल, कृषि विभाग, पुलिस, जल पुलिस, एसडीआरएफ, पंचायतीराज विभाग, सीआईएसएफ, जीआरपी, अग्निशमन विभाग, विकास विभाग, बीईजी रुड़की, शिक्षा विभाग, विद्युत विभाग, जिला अर्थ एवं संख्या विभाग, पूर्ति विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, ग्रामीण निर्माण विभाग एवं परिवहन विभाग सहित अन्य विभागों ने प्रतिभाग किया। इसके अतिरिक्त आपदा मित्र स्वयंसेवकों, एनएसएस एवं युवक मंगल दल के सदस्यों ने भी सक्रिय सहभागिता की। अभ्यास में जेसीबी, ट्रक, एम्बुलेंस, फायर टेंडर, वुड कटर, आयरन कटर, राफ्ट एवं मोटराइज्ड राफ्ट सहित विभिन्न राहत एवं बचाव उपकरणों का उपयोग किया गया।
इस दौरान जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विभव गुप्ता, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, जिला विकास अधिकारी के.के. पंत, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सेवानिवृत्त विंग कमांडर सरिता पंवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं, सभी मॉकड्रिल स्थलों पर संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *