चारधाम रूट पर औषधि प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, अनियमितताओं पर कार्रवाई

चारधाम यात्रा मार्ग पर औषधि प्रतिष्ठानों में औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के प्रावधानों के अनुपालन सुनिश्चित कराने हेतु जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल के निर्देशानुसार चम्बा, टिहरी गढ़वाल स्थित विभिन्न मेडिकल स्टोर एवं औषधि प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान औषधियों के क्रय-विक्रय अभिलेखों, भंडारण व्यवस्था, सीसीटीवी प्रणाली तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों का गहन परीक्षण किया गया। इस दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में निर्धारित मानकों एवं नियमों का उल्लंघन पाया गया, जिसके फलस्वरूप संबंधित फर्मों को नोटिस जारी करते हुए आवश्यक अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर एक औषधि प्रतिष्ठान के लाइसेंस को निलंबन हेतु संस्तुति की गई। इसके अतिरिक्त निरीक्षण अभियान के दौरान कुल 05 औषधि नमूने परीक्षण एवं विश्लेषण हेतु संग्रहित किए गए।

औषधि निरीक्षण टीम द्वारा स्पष्ट किया गया कि चारधाम यात्रा मार्ग पर संचालित औषधि प्रतिष्ठानों की नियमित निगरानी एवं निरीक्षण की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि आमजन एवं यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित औषधियां उपलब्ध हो सकें।

इस निरीक्षण में वरिष्ठ औषधि निरीक्षक सी.पी. नेगी एवं औषधि निरीक्षक ऋषभ धामा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *