हरिद्वार (ज्वालापुर)। ज्वालापुर स्थित नेशनल हाईवे पर चल रहे ओवरब्रिज निर्माण कार्य के बीच राहगीरों की लापरवाही और प्रशासन की अनदेखी किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है। स्थिति यह है कि निर्धारित मार्ग से थोड़ा घूमकर आने के बजाय दोपहिया वाहन चालक और पैदल यात्री अपनी जान की परवाह किए बिना तेज रफ्तार वाहनों के बीच से सीधे हाईवे क्रॉस कर रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निर्माण कार्य के कारण हाईवे पर यातायात का दबाव काफी बढ़ गया है और ज्वालापुर की ओर जाने वाले रास्तों में बदलाव किया गया है। लंबा चक्कर काटने से बचने के लिए स्थानीय लोग, स्कूली छात्र और दैनिक यात्री बैरिकेडिंग और निर्माणाधीन हिस्से के संकरे रास्तों से होकर अचानक सड़क पार करते नजर आ रहे हैं। शॉर्टकट के इस खतरनाक खेल के चलते इस स्थान पर अब तक कई छोटे-बड़े सड़क हादसे घटित हो चुके हैं, जिनमें कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं।

प्रशासनिक सुस्ती पर उठ रहे सवाल गंभीर बात यह है कि लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद स्थानीय प्रशासन, यातायात पुलिस और कार्यदायी संस्था (NHAI) का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। न तो अवैध रूप से सड़क पार करने वाले बिंदुओं को पूरी तरह बंद किया गया है और न ही वहां यातायात को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मियों या सुरक्षा गार्डों की तैनाती की गई है।

क्षेत्र के जागरूक नागरिकों ने जिला प्रशासन और यातायात पुलिस से मांग की है कि किसी बड़ी अनहोनी से पहले मौके पर सख्त बैरिकेडिंग की जाए, चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और ट्रैफिक कर्मियों की ड्यूटी लगाकर लोगों की जान जोखिम में डालने वाली इस प्रवृत्ति पर तत्काल रोक लगाई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *