
कुंभ-2027 में देव डोलियों की भव्य शोभायात्रा और गंगा स्नान होगा प्रमुख आकर्षण
15 मार्च 2027 को हरिद्वार में होगा उत्तराखंड की देव डोलियों का अमृत स्नान
शोभायात्रा समिति के पदाधिकारियों के साथ मेला प्रशासन की बैठक, तैयारियों पर हुआ मंथन
हरिद्वार, कुंभ मेला-2027 में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और जनआस्था की अनूठी झलक देखने को मिलेगी। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की देव डोलियों की भव्य शोभायात्रा और गंगा स्नान इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण होगा। आगामी 15 मार्च 2027 को हरिद्वार में उत्तराखंड की देव डोलियों का अमृत स्नान होगा। इस दिव्य आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए मेला प्रशासन और आयोजन से जुड़ी समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाले इस आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर शुक्रवार को मेला नियंत्रण भवन, हरिद्वार में अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती की अध्यक्षता में देवभूमि लोक संस्कृति विरासत शोभायात्रा समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में देव डोलियों की शोभायात्रा और गंगा स्नान से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में शोभायात्रा के आवागमन मार्ग, ठहराव स्थलों, पारंपरिक स्वरूप और स्नान व्यवस्था सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। आयोजन में शामिल होने वाली देव डोलियों और उनके साथ आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने तथा संबंधित विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती ने कहा कि कुंभ मेला-2027 में देव डोलियों की शोभायात्रा और गंगा स्नान उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, धार्मिक मान्यताओं और सदियों पुरानी परंपराओं को व्यापक पहचान देने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। इस आयोजन के माध्यम से देश-दुनिया से हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं को देवभूमि की विशिष्ट सांस्कृतिक विरासत और लोक आस्था को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि देव डोलियों की शोभायात्रा और अमृत स्नान को पूरी भव्यता के साथ संपन्न कराया जाएगा। आयोजन की धार्मिक गरिमा और पारंपरिक स्वरूप बनाए रखने के साथ ही देव डोलियों के आवागमन, ठहराव, स्नान तथा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। मेला प्रशासन आयोजन समिति और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर तैयारियों को आगे बढ़ा रहा है।
बैठक में देवभूमि लोक संस्कृति विरासत शोभायात्रा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि देव डोलियों के आगमन और उनके साथ आने वाले प्रतिनिधियों एवं श्रद्धालुओं की व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने जानकारी दी कि 14 मार्च 2027 को ऋषिकेश में देव डोलियों की शोभायात्रा आयोजित की जाएगी, जबकि 15 मार्च को हरिद्वार में देव डोलियों का अमृत स्नान होगा।
बैठक में देवभूमि लोक संस्कृति विरासत शोभायात्रा समिति के कार्यकारी अध्यक्ष श्री हर्षमणि व्यास, श्री विपिन जोशी, श्री बंशीधर पोखरियाल, श्री द्वारिका भट्ट, श्री रमेश पैन्यूली, श्री गजेंद्र सिंह कंडियाल, श्री भगवान सिंह रांगड़, श्री प्रमोद डोभाल, श्री जसराम ढोंढियाल, श्री मुकेश जोशी और आचार्य भवानी दत्त मैंदोलिया सहित समिति सदस्य सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।

