रुद्रपुर, भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती आगामी 10 सितंबर को पूरे जिले में धूमधाम से मनाई जाएगी। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शनिवार को जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देश पर अपर ज़िलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा ने अधिकारियों एवं आयोजन समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक की।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत ने देश, प्रदेश और समाज के उत्थान में अविस्मरणीय योगदान दिया है। हमें उनके उच्च आदर्शों और सिद्धांतों पर चलकर देश व प्रदेश की प्रगति में अपना योगदान देना चाहिए।

कार्यक्रम की रूपरेखा तय करते हुए उन्होंने कहा कि विद्यालयों में विविध प्रतियोगिताएं एवं प्रभात फेरी आयोजित की जाएगी तथा जनपद के सभी विद्यालयों में विचार गोष्ठी,वाद-विवाद,भाषण, सांस्कृतिक कार्यक्रम,निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। अपर जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों की स्वयं मॉनिटरिंग सुनिश्चित करेंगे।

अपर ज़िलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि 10 सितंबर को जनपद के समस्त सरकारी कार्यालयों,तहसीलों और ब्लॉकों में पं.पंत के चित्र एवं प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों और नगर निकाय अधिकारियों को निर्देशित किया कि पंत पार्क तथा पं.पंत की प्रतिमा स्थलों पर समय रहते साफ-सफाई,रंग-रोगन और चूना छिड़काव की मुकम्मल व्यवस्था की जाए। साथ ही स्थानीय स्तर पर भी आयोजन समिति के साथ बैठक कर ली जाए। ताकि कार्यक्रम भव्य रूप से संपन्न कराए जा सकें।

अपर ज़िलाधिकारी ने कार्यक्रमों और प्रभात फेरी के दौरान सुगम आवागमन हेतु पुलिस विभाग को सुदृढ़ यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही अधिशासी अभियंता विद्युत एवं जल संस्थान को निर्देश दिए गए कि सभी कार्यक्रम स्थलों पर निर्बाध विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

बैठक में मुख्य संयोजक ललित भट्ट, संयोजक रामप्रकाश गुप्ता,कार्तिक राय,मोहित वर्मा,ललित तिवारी,हिमांशु सरकार,सचिन गुप्ता,संतोष गुप्ता,सह संयोजक सुभाष खुराना,प्रदेश समन्वयक राजेश कुमार,हरिश्चंद पंत,कमल किशोर उपाध्याय,पीयूष पंत सहित एसपी डॉ.उत्तम सिंह नेगी, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *