मुख्यमंत्री खेल प्रोत्साहन छात्रवृत्ति के जिला स्तरीय ट्रायल्स संपन्न, 200 प्रतिभावान खिलाड़ियों का होगा चयन*

राज्य के प्रतिभावान खिलाड़ियों के लिए मुख्यमंत्री खेल प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के तहत जिला स्तर पर आयोजित चयन ट्रायल्स का आज समापन हो गया।

जिला क्रीड़ा विभाग द्वारा 16 अगस्त से शुरू किए गए इन ट्रायल्स में एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, जूडो, कराटे, बैडमिंटन, ताईक्वांडो, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, हॉकी, टेबल टेनिस और कबड्डी सहित कुल 12 खेलों में प्रतियोगिताएं कराई गईं।

प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी मनोज सिंह चौहान ने बताया कि ट्रायल्स में लगभग 800 बालक और बालिकाओं ने प्रतिभाग किया। चयन प्रक्रिया बैटरी टेस्ट के आधार पर की गई, जिसमें 30 मीटर फ्लाइंग रन, शटल रन, 800 मीटर दौड़, वर्टिकल जंप, मेडिसन बॉल थ्रो के साथ-साथ प्रत्येक खेल का कौशल परीक्षण भी शामिल था।

उन्होंने बताया कि चयन के मानक के अनुसार प्रत्येक आयुवर्ग और प्रत्येक खेल में 2-2 बालक/बालिका का चयन किया जाएगा। वहीं एथलेटिक्स में 3-3 बालक और बालिका चुने जाएंगे। निर्धारित आयु वर्ग में 25-25 बालक-बालिकाओं का चयन करते हुए कुल चारों वर्गों में 100 बालक और 100 बालिकाओं का चयन छात्रवृत्ति के लिए किया जाएगा।

चयनित खिलाड़ियों को अब मुख्यमंत्री खेल प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना का लाभ मिलेगा, जिससे प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मंच मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *