कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं से गदगद हुए शिवभक्त, बोलेउम्मीद से कहीं बेहतर हैं इंतजाम

हरिद्वार  धर्मनगरी हरिद्वार में चल रहे कांवड़ यात्रा के दौरान देशभर से पहुंचे शिवभक्त उत्तराखंड सरकार और जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं की खुलकर सराहना कर रहे हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए किए गए इंतजाम उनकी उम्मीदों से भी कहीं बेहतर हैं।

ग्रेटर नोएडा से हरिद्वार पहुंचीं शिवभक्त डोली और बेबी ने बताया कि यात्रा पर निकलने से पहले उनके मन में यह सवाल था कि लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच व्यवस्थाएं कैसी होंगी। लेकिन हरिद्वार पहुंचने के बाद उनकी सभी आशंकाएं दूर हो गईं। उन्होंने कहा कि पूरे यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, बेहतर यातायात प्रबंधन, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने इन व्यवस्थाओं के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उत्तराखंड सरकार का आभार व्यक्त किया।

वहीं उत्तर प्रदेश से आए शिवभक्तों ने भी यात्रा के दौरान मिली सुविधाओं की जमकर तारीफ की। उनका कहना था कि प्रशासन हर मोर्चे पर पूरी मुस्तैदी से काम कर रहा है। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत है, साफ-सफाई बेहतर है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हर आवश्यक व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है।

शिवभक्तों का कहना है कि उत्तराखंड सरकार और स्थानीय प्रशासन के समन्वित प्रयासों के कारण इस वर्ष की कांवड़ यात्रा न केवल सुव्यवस्थित बल्कि पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक महसूस हो रही है। श्रद्धालुओं ने विश्वास जताया कि इसी तरह की व्यवस्थाएं भविष्य में भी जारी रहेंगी, ताकि देशभर से आने वाले लाखों श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के अपनी आस्था की इस यात्रा को सफलतापूर्वक पूरा कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *