जन संवाद में दर्ज हुईं 25 शिकायतें, 12 का मौके पर निस्तारण, डीएम ने लापरवाही पर सख्ती के दिए निर्देश

जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 25 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 13 शिकायतों को समाधान के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।

जन सुनवाई के दौरान कई ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं। तिलणी सुमेरपुर की गुड्डी देवी ने बताया कि भारी बारिश के कारण उनके आवास के सामने का पुश्ता खिसक गया है, जिससे मकान को खतरा है। निषणी के राजन सिंह ने जलागम परियोजना कार्यालय को फतेहपुर मार्ग पर संचालित करने की मांग की। पूर्व प्रधान प्रदीप मलासी ने कहा कि सीएम पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का निस्तारण शिकायतकर्ता की संतुष्टि के बाद ही किया जाए।

लेख लावड़ी की धूमा देवी, जो अनुसूचित जाति से हैं, ने पक्का मकान न होने के कारण प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ देने की मांग रखी। भुनालगांव की रश्मि देवी ने ग्राम सभा के उप प्रधान चुनाव में अनियमितता का आरोप लगाते हुए पूर्व जांच से असंतुष्टि जताई और पुनः जांच की मांग की। धारकोट की संती देवी ने क्षेत्र में पेयजल समस्या उठाई।

शिकायतें सुनने के बाद जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों को गंभीरता से लिया जाए। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण जरूरी है वहां तुरंत टीम भेजकर समस्या का समाधान किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि निस्तारण में अनावश्यक देरी या लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

बैठक में डीएम ने सीएम पोर्टल की भी समीक्षा की। समीक्षा में पाया गया कि एल-1 स्तर पर 100 और एल-2 स्तर पर 23 शिकायतें अभी लंबित हैं। इनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, एसडीएम ऊखीमठ अनिल रावत, एसडीएम रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, जखोली के भगत सिंह फोनिया, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, सीओ विकास पुंडीर, सीएमओ डॉ. सीमा टेकचंदानी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष रावत, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी टीआर मलेठा, ईई एनएच ओंकार पांडेय, लोक निर्माण विभाग के संजीव सैनी, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अखिलेश मिश्रा सहित अन्य अधिकारी और शिकायतकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *