जिलाधिकारी ने नवनिर्मित पुस्तकालय एवं पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज पुस्तकालय का किया निरीक्षण, विद्यार्थियों से संवाद कर जानी व्यवस्थाएं

जिलाधिकारी श्री विशाल मिश्रा ने रुद्रप्रयाग स्थित संगम पुस्तकालय तथा पीएम श्री अटल राजकीय इंटर कॉलेज पुस्तकालय का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों एवं सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुस्तकालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से पुस्तकालय का उपयोग कर अपने ज्ञान का विस्तार करने और अध्ययन की अच्छी आदत विकसित करने के लिए भी प्रेरित किया।

जिलाधिकारी ने पुस्तकालयों में उपलब्ध पुस्तकों, बैठने की व्यवस्था, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास के महत्वपूर्ण केंद्र होते हैं, इसलिए यहां सभी विषयों की गुणवत्तापूर्ण एवं नवीनतम पुस्तकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से प्रतियोगी परीक्षाओं, सामान्य ज्ञान, विज्ञान, साहित्य, इतिहास, संस्कृति एवं समसामयिक विषयों से संबंधित पुस्तकों का नियमित रूप से संकलन किया जाए, ताकि छात्र-छात्राओं को बेहतर अध्ययन सामग्री एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सके।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुस्तकालयों को विद्यार्थियों के लिए अधिक आकर्षक, सुविधाजनक एवं आधुनिक बनाया जाए। इसके लिए अध्ययन कक्षों की सुविधाओं को सुदृढ़ करने, शांत एवं अनुकूल अध्ययन वातावरण बनाए रखने तथा आवश्यकतानुसार अन्य संसाधनों का भी विस्तार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से पुस्तकालयों के नियमित संचालन, पुस्तकों के रखरखाव एवं समय-समय पर नई पुस्तकों को शामिल करने की कार्ययोजना तैयार करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुस्तकालयों का अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं द्वारा उपयोग सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाओं का निरंतर विकास किया जाए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, मुख्य शिक्षा अधिकारी अजय कुमार चौधरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *