जिला कार्यालय सभागार में आयोजित हुआ जन संवाद कार्यक्रम

विभिन्न विभागों से संबंधित 17 शिकायत दर्ज 08 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनसंवाद/जनता मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 17 शिकायतें दर्ज की गई। इनमें 08 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया जबकि शेष शिकायतों का निस्तारण करने के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।

आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में मुसाढुंग की प्रधान सजनी देवी ने शिकायत दर्ज करते हुए अवगत कराया कि तैला-विजयनगर तथा सूर्यप्रयाग-मुसाढुंग मोटर मार्ग भूमि का कतिपय परिवारों को अभी तक मुआवजा नहीं मिल पाया है। नगर पालिका वार्ड नं-07 गुलाबराय निवासी केवलानंद ने आवासीय भवन की सुरक्षा के दृष्टिगत भीमल का पेड़ काटने की अनुमति देने की मांग की। उदियाणगांव के महेंद्र पंवार ने बताया कि बीते दिनों हुई अत्यधिक बारिश के कारण उनके आवासीय भवन का पुस्ता क्षतिग्रस्त होने के साथ ही पेयजल लाइन भी टूट गई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से यथाशीघ्र कार्यवाही की मांग की। गडमिल निवासी दशरथ बुटोला ने बीते 10-12 दिनों से गांव में पेयजल आपूर्ति न होने की शिकायत दर्ज की। कंडाली गांव की प्रियंका देवी ने अपनी समस्या दर्ज करते हुए कहा कि वह गरीब महिला है तथा पक्का मकान न होने के साथ ही आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है जिस हेतु उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने की मांग की। इस तरह कुल प्राप्त 17 शिकायतों में 08 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया जबकि शेष को निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को प्रेषित किया गया।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि जनता मिलन कार्यक्रम में जो भी शिकायतें व समस्याएं दर्ज हो रही हैं उनका निराकरण त्वरित गति से करना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी दशा में कोई विलंब न किया जाए। शिकायतों पर की गई कार्यवाही की जानकारी से जिला कार्यालय एवं संबंधित शिकायतकर्ता को अनिवार्य रूप से अवगत कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि एल-1 एवं एल-2 के स्तर पर जो भी शिकायतें लंबित हैं उनका निस्तारण तत्परता से करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों में एल-1 पर 129 तथा एल-2 पर 27 शिकायत निस्तारण हेतु लंबित हैं। जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण भी शीघ्रता से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि 01 जनवरी, 2026 से 13 जुलाई,2026 तक सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज कुल 2257 शिकायतों में 2101 का निराकरण कर दिया गया है। समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही निस्तारण करने के उद्देश्य से बीते 04 जुलाई से सेवा, सुशासन एवं समर्पण कार्यक्रम के तहत जन जन की सरकार जन जन के द्वार प्रत्येक तहसील, ब्लॉक व जनपद स्तर पर आयोजित किए जा रहे हैं। अभी तक जनपद स्तर पर 07 कैंप आयोजित किए जा चुके हैं। जिनमें प्राप्त 297 शिकायतों में से 280 का निस्तारण किया जा चुका है। बताया कि शिविर में 315 अलग-अलग प्रमाण पत्र बनाने के अलावा विभिन्न योजनाओं के 1445 व्यक्तियों को भी लाभान्वित किया जा चुका है।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, जखोली भगत सिंह फोनिया, ऊखीमठ अनिल रावत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामप्रकाश, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष रावत, उप प्रभागीय वनाधिकारी डीएम पुंडीर, जिला पूर्ति अधिकारी केएस कोहली सहित शिकायत प्रकोष्ट प्रभारी विनोद कुमार सहित, मत्स्य, सिंचाई, पीएमजीएसवाई सहित अन्य विभागीय अधिकारी व कर्मचारी एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *