परमार्थ निकेतन, जहाँ सेवा केवल कार्य नहीं, बल्कि साधना
परमार्थ निकेतन, गंगा तट पर बह रही भक्ति, सेवा और संस्कारों की अविरल धारा
हजारों श्रद्धालुओं के लिये आध्यात्मिक आश्रय बना परमार्थ निकेतन

ऋषिकेश। हिमालय की गोद में, माँ गंगा के पावन तट पर स्थित परमार्थ निकेतन इन दिनों श्रद्धा, भक्ति और सेवा के अद्भुत संगम का साक्षी है। मासिक श्रीराम कथा, विशाल भंडारे, सत्संग, यज्ञ, गंगा पूजन और दिव्य आरती के माध्यम से यहाँ प्रतिदिन अनेक श्रद्धालु आध्यात्मिक आनंद का अनुभव कर रहे हैं।
देश के विभिन्न राज्यों से आये श्रद्धालु प्रातःकाल माँ गंगा में स्नान कर अपने दिन का शुभारम्भ करते हैं। इसके पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य यज्ञ, दर्शन, गंगा पूजन तथा सत्संग में सहभाग कर आत्मिक शांति और ऊर्जा प्राप्त कर रहे हैं।
परमार्थ निकेतन में आने वाले श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा का श्रवण करने के साथ ही भोजन, आवास, सत्संग, आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है। मासिक श्रीराम कथा के माध्यम से मर्यादा, करुणा, त्याग और जीवनमूल्यों को सरल भाषा संत मुरलीधर जी महाराज जन-जन तक पहुँचा रहे हैं।
परमार्थ गंगा आरती के पश्चात श्रद्धालुओं को पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी एवं पूज्य साध्वी भगवती सरस्वती जी के दर्शन और सान्निध्य का अवसर प्राप्त होता है।
माँ गंगा की दिव्य आरती के पश्चात पूज्य स्वामी जी के दर्शन का लाभ सभी के लिये सहज उपलब्ध है। आयु, पृष्ठभूमि या परिचय की कोई सीमा नहीं, बालक हों, युवा हों या वरिष्ठजन, श्रद्धा और प्रेम के साथ आने वाले सभी दिव्य सान्निध्य और आशीर्वाद का लाभ प्राप्त कर सकता है।
अनेक श्रद्धालु अपनी आध्यात्मिक, पारिवारिक और व्यक्तिगत जिज्ञासाओं को उनके साथ साझा करते हैं तथा सरल, व्यावहारिक और प्रेरणादायी मार्गदर्शन प्राप्त करते हैं। यह संवाद जीवन को देखने की नई दृष्टि भी प्रदान करता है।
आज जब संसार में भागदौड़, तनाव और अकेलेपन की भावना बढ़ती जा रही है, तब परमार्थ निकेतन एक ऐसे आध्यात्मिक आश्रय के रूप में उभर रहा है जहाँ व्यक्ति स्वयं से, समाज से और ईश्वर से पुनः जुड़ने का अवसर प्राप्त करता है। परमार्थ निकेतन का संदेश अत्यंत सरल है, सेवा ही साधना है, प्रेम ही पूजा है और मानवता ही सबसे बड़ा धर्म है।
माँ गंगा के पावन तट पर निरंतर प्रवाहित होती जलधारा की भाँति परमार्थ निकेतन भी प्रेम, सेवा और आध्यात्मिकता की धारा को जन-जन तक पहुँचाने के लिये समर्पित है। यहाँ आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु केवल दर्शक बनकर नहीं लौटता, बल्कि अपने भीतर शांति, श्रद्धा और प्रकाश लेकर जाता है।
परमार्थ निकेतन केवल एक आश्रम नहीं, बल्कि वह जीवंत अनुभव है जहाँ सेवा मुस्कुराती है, भक्ति गूँजती है और मानवता स्वयं को ईश्वर के निकट अनुभव करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed