30 सितम्बर तक करें छात्रवृत्ति के लिए आवेदन, पात्र छात्र-छात्राओं से समय पर पंजीकरण की अपील*

समाज कल्याण एवं जनजाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के अंतर्गत शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (एनएसपी) पर छात्र-छात्राओं के लिए आवेदन एवं पंजीकरण की सुविधा 02 जून 2026 से 30 सितम्बर 2026 तक उपलब्ध रहेगी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी रुद्रप्रयाग टी.आर मलेठा ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के सभी पात्र छात्र-छात्राएं निर्धारित समयावधि के भीतर छात्रवृत्ति हेतु अपना आवेदन अवश्य करें। उन्होंने बताया कि आवेदन से पूर्व विद्यार्थियों को राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर अपना वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) नंबर जनरेट करना होगा। इसके बाद ओटीआर नंबर के माध्यम से लॉगिन कर ऑनलाइन आवेदन पत्र भरते हुए आवश्यक अभिलेख अपलोड करने होंगे।
उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति की धनराशि सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी, जिसके लिए बैंक खाते का आधार से लिंक (आधार सीडिंग) होना अनिवार्य है। साथ ही छात्र-छात्राओं को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनका बैंक खाता छात्रवृत्ति प्राप्त होने तक सक्रिय रहे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी रुद्रप्रयाग ने कहा कि आवेदन करते समय छात्र-छात्राएं अपनी श्रेणी जैसे अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) एवं ईबीसी/डीएनटी आदि का सही चयन करें तथा संबंधित छात्रवृत्ति योजना का सावधानीपूर्वक चुनाव करें। उन्होंने बताया कि ओटीआर एवं आधार सीडिंग की प्रक्रिया को सरल बनाने हेतु आवश्यक वीडियो तथा अन्य जानकारी विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई है। बताया कि छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ केवल उन्हीं संस्थानों के विद्यार्थियों को मिलेगा, जिनके शैक्षणिक संस्थान संबंधित नियामक निकायों से मान्यता प्राप्त होने के साथ शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विधिवत संबद्ध हों। संस्थानों के नोडल अधिकारियों एवं प्रधानाचार्यों के लिए बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण संबंधी दिशा-निर्देश भी पोर्टल पर उपलब्ध हैं।
उन्होंने सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों से अधिक से अधिक पात्र छात्र-छात्राओं का पंजीकरण सुनिश्चित कराने की अपील की है, ताकि कोई भी विद्यार्थी छात्रवृत्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।
तकनीकी सहायता एवं अन्य जानकारी के लिए छात्र-छात्राएं आईटी सेल, समाज कल्याण उत्तराखंड, देहरादून के टोल-फ्री नंबर 18001804236 तथा मोबाइल नंबर 6395221188 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *