*आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करें*” – *रंजन कुमार
हरिद्वार, 05 जून: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बीएचईएल हरिद्वार के प्रदूषण नियंत्रण अनुसंधान संस्थान (पीसीआरआई) में, एक वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया । कार्यपालक निदेशक (बीएचईएल हरिद्वार) श्री रंजन कुमार तथा कार्यपालक निदेशक (कॉर्पोरेट वित्त) सुश्री एच. मालती के नेतृत्व में, महाप्रबंधकों एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया । इस वर्ष के विश्व पर्यावरण दिवस का विषय है “प्रकृति से प्रेरित; जलवायु के लिए; हमारे भविष्य के लिए” ।
इस अवसर पर अपने सम्बोधन में श्री रंजन कुमार ने कहा कि एक पौधा लगाना केवल एक पेड़ उगाना नहीं है, बल्कि जीवन, आशा और समृद्धि का बीजारोपण करना है । उन्होंने सभी कर्मचारियों से प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाते हुए, आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने का आह्वान किया । सुश्री एच. मालती ने कहा कि हमें गर्व है कि उत्पादन उत्कृष्टता के साथ-साथ, पर्यावरण संरक्षण भी बीएचईएल की कार्यसंस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है । इस अवसर पर महाप्रबंधक (पीसीआरआई) श्री अमित श्रीवास्तव ने सभी महाप्रबंधकों एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को, पर्यावरण सुरक्षा प्रतिज्ञा दिलाई ।
उल्लेखनीय है कि बीएचईएल में 05 जून से 04 जुलाई तक “पर्यावरण माह” का आयोजन किया जा रहा है । पर्यावरण माह के दौरान पीसीआरआई एवं स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं पर्यावरण विभाग (एचएसई) द्वारा बीएचईएल कर्मचारियों एवं स्कूली बच्चों के लिए, विभिन्न कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा । इनमें चित्रकला, स्लोगन लेखन एवं ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं शामिल हैं । इन गतिविधियों का उद्देश्य प्रकृति आधारित समाधानों के माध्यम से, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनसामान्य को जागरूक करना है । इस अवसर पर महाप्रबंधकगण, वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी आदि उपस्थित थे ।