नरकोटा के पास वाहन दुर्घटना पर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

एनएच अधिकारियों को तत्काल मलबा हटाने और सड़क चौड़ीकरण के दिए निर्देश

जनपद मुख्यालय रुद्रप्रयाग से लगभग पांच किलोमीटर दूर बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर नरकोटा के समीप बुधवार दोपहर एक आर्मी ट्रक और कार के बीच हुई टक्कर में पांच लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किया गया तथा सभी घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को लगभग 12 बजे बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर आर्मी ट्रक और एक कार के बीच टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद स्थानीय प्रशासन, पुलिस एवं संबंधित विभागों की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य संचालित किया गया।

दुर्घटना के कारणों एवं सड़क की स्थिति का जायजा लेने जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दुर्घटना स्थल के आसपास सड़क पर आए मलबे को तत्काल हटाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने नरकोटा क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल के लिए सड़क किनारे रखी गई निर्माण सामग्री को भी तत्काल हटाने के निर्देश दिए, जिससे यातायात बाधित न हो और दुर्घटनाओं की संभावना कम की जा सके।

जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों को मलबा हटाकर सड़क के प्रभावित हिस्से का चौड़ीकरण करने तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े आवश्यक उपाय शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों एवं स्थानीय लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सड़क पर किसी भी प्रकार की बाधा को तत्काल दूर किया जाना चाहिए।

तत्पश्चात जिलाधिकारी द्वारा रुद्रप्रयाग स्थित अलकनंदा मंदाकिनी संगम व्यू पॉइंट पर यात्रियों से भी संवाद किया गया।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, एआरटीओ धर्मेंद्र सिंह बिष्ट, तहसीलदार जगदीश सिंह नेगी सहित राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *