वर्षाकाल से पहले नाला सफाई कार्यों का नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण

हरिद्वार। आगामी वर्षाकाल को देखते हुए नगर निगम हरिद्वार द्वारा चलाए जा रहे नाला सफाई अभियान के तहत नगर आयुक्त नंदन कुमार (आईएएस) ने रविवार को विभिन्न क्षेत्रों में सफाई कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षा शुरू होने से पहले सभी प्रमुख नालों की तली झाड़ सफाई प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाए, ताकि जलभराव की समस्या न हो।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने रानीपुर मोड़, शंकर आश्रम मार्ग, ऋषिकुल-रानीपुर मार्ग सहित विभिन्न स्थानों पर नालों की सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही गोविंदपुरी स्थित बड़े बरसाती नाले का भी निरीक्षण कर सफाई कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने कहा कि सभी मुख्य सफाई निरीक्षक निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार नालों की समयबद्ध सफाई सुनिश्चित करें तथा कार्यों की नियमित निगरानी करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा इस वर्ष नाला सफाई के लिए 175 कार्मिकों की विशेष नाला गैंग गठित की गई है, जो नगर क्षेत्र के 133 छोटे-बड़े नालों की नियमित सफाई कर रही है। वहीं, नगर क्षेत्र के लगभग 15 बड़े नालों की सफाई निविदा प्रक्रिया के माध्यम से कराई जाएगी, जिसकी प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी एवं मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा भी उपस्थित रहे।

नगर निगम के अनुसार वर्षाकाल को देखते हुए नालों एवं बरसाती जल निकासी तंत्र की सफाई और अनुरक्षण का कार्य युद्धस्तर पर संचालित किया जा रहा है, जिससे शहर में जलभराव की संभावनाओं को कम किया जा सके और नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *