देहरादून-मसूरी मार्ग पर नए डबल लेन पुल का शिलान्यास, 12.17 करोड़ से होगा निर्माण
मसूरी की लाइफलाइन बनेगा आधुनिक सेतु, समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश
देहरादून , देहरादून-मसूरी मोटर मार्ग पर यातायात सुविधा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को शिव मंदिर के निकट क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर नए स्थायी डबल लेन पुल निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। लगभग 12 करोड़ 17 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह पुल क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नई मजबूती देगा।
इस अवसर पर मंत्री ने सेतु निर्माण को स्वीकृति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि देहरादून-मसूरी मार्ग पर्यटन और स्थानीय आवागमन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा यह पुल मसूरी की लाइफलाइन के रूप में कार्य करता है।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनसुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है और आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
आपदा में क्षतिग्रस्त हुआ था पुराना पुल
गौरतलब है कि वर्ष 2025 में आई आपदा के दौरान इस स्थान का पुराना पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद आवागमन बनाए रखने के लिए वैकल्पिक रूप से वैली ब्रिज का निर्माण किया गया, जो वर्तमान में संचालित है।
60 मीटर स्पान का होगा आधुनिक पुल
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि राज्य योजना के अंतर्गत देहरादूनदृमसूरी राज्य मार्ग संख्या-1 के किमी 18 पर 60 मीटर स्पान का डबल लेन स्टील बॉक्स सेतु बनाया जाएगा। परियोजना में पाइल फाउंडेशन, आरसीसी एबटमेंट, स्टील गर्डर संरचना, 7.50 मीटर चौड़ा टू-लेन कैरिजवे, दोनों ओर 3-3 मीटर फुटपाथ, रेलिंग और क्रैश बैरियर जैसी सुरक्षा व्यवस्थाएं शामिल होंगी।
परियोजना की कुल लागत 12.17 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है और निर्माण कार्य 21 अगस्त 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग रहे मौजूद
शिलान्यास कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, रजत अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, ज्योति कोटिया, सुन्दर सिंह कोठाल, वंदना बिष्ट, होटल एसोसिएशन अध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे।