डिजिटल एंपॉवरमेंट मीट एंड अवॉर्ड्स – उत्तराखंड संस्करण का सफल आयोजन

देहरादून । ITDA उत्तराखंड एवं APAC Media द्वारादेहरादून में 5वें इंडिया डिजिटल एंपॉवरमेंट मीट एंड अवॉर्ड्स का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम “विकसित भारत 2047 की ओर एआई एवं साइबर सुरक्षा के माध्यम से उत्तराखंड का डिजिटल परिवर्तन” रही।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी, आईटी मंत्री श्री प्रदीप बत्रा सहित शासन, उद्योग, साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों एवं शिक्षाविदों की महत्वपूर्ण सहभागिता रही। कार्यक्रम का उद्देश्य उत्तराखंड को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), साइबर सुरक्षा एवं उभरती तकनीकों के माध्यम से डिजिटल रूप से सशक्त राज्य के रूप में विकसित करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान CERT उत्तराखंड का शुभारंभ किया गया, जो राज्य की साइबर सुरक्षा प्रणाली को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। साथ ही, IIIT हैदराबाद के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए, जिससे एआई, अनुसंधान, नवाचार एवं क्षमता निर्माण के क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन नीति-निर्माताओं, विशेषज्ञों एवं उद्योग जगत को एक साझा मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने एआई एवं आधुनिक तकनीकों के बढ़ते महत्व पर बल देते हुए कहा कि ऐसे संवाद भविष्य की नीतियों को दिशा देंगे और राज्य के डिजिटल विकास को गति प्रदान करेंगे।

आईटी मंत्री श्री प्रदीप बत्रा की अध्यक्षता में आयोजित CEO राउंडटेबल में डेटा सेंटर, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, निवेश संभावनाओं, नीति सहयोग एवं Ease of Doing Business जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। उद्योग प्रतिनिधियों ने उत्तराखंड में निवेश की संभावनाओं को रेखांकित करते हुए स्पष्ट एवं स्थिर नीति ढांचे, सिंगल-विंडो क्लीयरेंस प्रणाली तथा मजबूत डिजिटल कनेक्टिविटी की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम में एआई आधारित सुशासन, साइबर सुरक्षा सुदृढ़ता, क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर, स्किल डेवलपमेंट एवं सरकार-उद्योग-अकादमिक सहयोग जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई।

इस आयोजन के माध्यम से उत्तराखंड को आईटी, डेटा सेंटर एवं डिजिटल निवेश के क्षेत्र में एक उभरते हुए और निवेश-अनुकूल गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *