हरिद्वार में चला बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान, 60 ठेलियां हटाईं, 10 जब्त

घाटों और CCR क्षेत्र में सख्त कार्रवाई, दोबारा अतिक्रमण पर कड़ी चेतावनी

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित तथा नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देशों के क्रम में नगर निगम हरिद्वार ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के साथ संयुक्त रूप से मंगलवार को व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।

अभियान के तहत सीसीआर (CCR) क्षेत्र एवं शहर के प्रमुख घाटों पर विशेष कार्रवाई की गई। इस दौरान लगभग 50 से 60 ठेलियों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाया गया, जबकि 10 से अधिक ठेलियों को जब्त किया गया। वहीं तीन ठेलियों को जेसीबी मशीन के माध्यम से नष्ट भी किया गया।

नगर निगम द्वारा बताया गया कि इन क्षेत्रों में पूर्व से ही नियमित रूप से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही थी, लेकिन बार-बार अतिक्रमण किए जाने के कारण इस बार सख्त कदम उठाए गए। अभियान के दौरान कई अतिक्रमणकारियों का सामान भी जब्त किया गया।

अधिकारियों ने मौके पर स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो न केवल सामान जब्त किया जाएगा, बल्कि संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।

अभियान के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट कुसुम चौहान, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक अर्जुन कुमार एवं अतिक्रमण प्रभारी आदित्य तेश्वर सहित नगर निगम की टीम मौजूद रही।

नगर निगम ने साफ किया है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *