सुनील सेठी बने राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष
पंजाबी को दूसरी अधिकारिक भाषा का दर्जा दे उत्तराखंड सरकार-अशोक मेहता
हरिद्वार। व्यापारी नेता सुनील सेठी को राष्ट्रीय पंजाबी महासभा का उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। महासभा के नेशनल प्रेसीडेंट एवं हरियाणा के पूर्व सूचना आयुक्त अशोक मेहता ने प्रैस क्लब में आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान सुनील सेठी को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा करते हुए बताया कि राष्ट्रीय पंजाबी महासभा गुरुओं के संदेश सरबत दा भला और संस्था के मुख्य संरक्षक पदमश्री विजय चोपड़ा के मूलमंत्र सत्कार अते सेवा के सिद्धांत को लेकर देश के विभिन्न भागों में समाज सेवा के अनेक प्रकल्प चला रही है। उन्होंने कहा कि सुनील सेठी के नेतृत्व में महासभा उत्तराखंड में पंजाबी समुदाय को एकजुट कर समाज के सभी जरूरतमंद लोगों के कल्याण के लिए विभिन्न प्रकल्प चलाएगी। अशोक मेहता ने उत्तराखंड सरकार से पंजाबी भाषा को राज्य की दूसरी आधिकारिक भाषा घोषित करने, भारत पाक विभाजन के दौरान शहीद हुए लाखों लोगों की स्मृति में शहीद स्मारक की स्थापना करने, राज्य में बसे पंजाबी समुदाय के लोगों के हितों की रक्षा के लिए उत्तराखंड पंजाबी वेलफेयर बोर्ड की भी स्थापना करने की मांग की और पंजाबी समाज से अपने बच्चों को अपनी समृद्ध संस्कृति से परिचित करवाने की अपील की।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सुनील सेठी ने कहा कि सेवा समर्पण भाव का लक्ष्य रखते हुए सर्व समाज के हितों के लिए काम करेंगे। पूरे प्रदेश में संगठन का विस्तार करते हुए सभी जिलों में इकाईयों का गठन कर समाजसेवा के लिए समर्पित लोगों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। गरीब कन्याओं के विवाह से लेकर जरूरतमंद की सेवा ही संगठन का कार्य होगा। सेठी ने कहा कि राष्ट्रीय पंजाबी महासभा उत्तराखंड में जल्द एक बड़ी पहचान के रूप में स्थापित होगी। प्रैसवार्ता में महंत ऋषिवरानंद, महासभा के राष्ट्रीय सचिव अवतार सिंह चुघ, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश आनंद और हरियाणा प्रदेश महासचिव चौधरी राकेश भल्ला सहित कई लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *