उत्तराखंड के देहरादून एवं काशीपुर में फिट इंडिया ‘संडेज़ ऑन साइकिल’ के 100वें संस्करण का भव्य आयोजन

– ओलंपिक आंदोलन को समर्पित यह 100वां संस्करण देश के 100 प्रमुख स्थलों और प्रत्येक जिले में आयोजित किया गया

– देशभर में 1.5 लाख से अधिक ‘माई भारत’ स्वयंसेवकों ने भाग लिया और 600 से अधिक जिलों में साइकिल रैलियां आयोजित की गईं

– उत्तराखंड में इस आयोजन में 100 साइकिल चालकों सहित लगभग 600 फिटनेस प्रेमियों ने भाग लिया

– कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ के ध्येय वाक्य के साथ नशा मुक्त भारत की शपथ ली

रविवार को फिट इंडिया ‘संडेज ऑन साइकिल’ का 100वां संस्करण काशीपुर एवं देहरादून में उत्साह के साथ मनाया गया, जिसमें छात्रों, खिलाड़ियों, प्रसिद्ध हस्तियों, परिवारों और सामुदायिक संगठनों ने फिटनेस, साइकिलिंग और सतत जीवनशैली के इस राष्ट्रव्यापी अभियान में भाग लिया। काशीपुर में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, स्टाफ सदस्यों और स्थानीय फिटनेस प्रेमियों सहित 250 से अधिक प्रतिभागियों ने 100वें संस्करण का उत्साहपूर्वक आयोजन किया। देहरादून में 100 साइकिल चालकों सहित लगभग 300 फिटनेस प्रेमियों ने भाग लिया।

#इंडिया रेडी फॉर ओलंपिक थीम के तहत भारत में ओलंपिक आंदोलन को समर्पित यह ऐतिहासिक 100वां संस्करण देश के 100 प्रमुख स्थलों और प्रत्येक जिले में आयोजित किया गया। पुणे में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने बॉलीवुड हस्तियों, आईओए प्रतिनिधियों, शीर्ष खिलाड़ियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ साइकिल रैली का नेतृत्व किया। इस अवसर पर अभिनेता आयुष्मान खुराना और खिलाड़ी मीराबाई चानू (भारोत्तोलन), शीतल देवी (पैरा-तीरंदाजी) व स्मृति मंधाना (क्रिकेटर) अभिनीत एक ओलंपिक फिल्म भी लॉन्च की गई, जो भविष्य में ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत की तैयारी को दर्शाती है। देशभर में 1.5 लाख से अधिक ‘माई भारत’ स्वयंसेवकों ने भाग लिया और 600 से अधिक जिलों में साइकिल रैलियां आयोजित की गईं, जहां प्रतिभागियों ने ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ के ध्येय वाक्य के साथ नशा मुक्त भारत की शपथ ली।

देहरादून में यह कार्यक्रम भारतीय खेल प्राधिकरण क्षेत्रीय केंद्र लखनऊ द्वारा महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व खेल निदेशालय उत्तराखंड के सहायक निदेशक श्री राजेश ममगाईं ने किया, जिसमें भारतीय खेल प्राधिकरण लखनऊ के सहायक निदेशक श्री प्रवीण कुमार सी. एम. तथा खेल निदेशालय उत्तराखंड के सहायक निदेशक श्री संजीव कुमार पौरी उपस्थित रहे। इस अवसर पर श्री राजेश ममगाईं ने कहा: “यह अत्यंत गर्व का विषय है कि उत्तराखंड की सुंदर वादियों में बसा देहरादून फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल के इस ऐतिहासिक 100वें संस्करण का हिस्सा है। इस पहल को एक राष्ट्रव्यापी जन-आंदोलन के रूप में विकसित होते देखना उत्साहजनक है। जैसा कि भारत 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी की आकांक्षा रखता है, हमें जमीनी स्तर पर अपनी खेल संस्कृति को मजबूत करना होगा और विशेष रूप से युवाओं सहित प्रत्येक नागरिक को फिटनेस को जीवनशैली बनाने के लिए प्रेरित करना होगा। एक फिट उत्तराखंड, फिट इंडिया और एक मजबूत खेल राष्ट्र के निर्माण में योगदान देगा।”

भारतीय खेल प्राधिकरण के खेल प्रशिक्षण केंद्र, काशीपुर में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, स्टाफ सदस्यों और स्थानीय फिटनेस प्रेमियों सहित 250 से अधिक प्रतिभागियों ने 100वें संस्करण का उत्साहपूर्वक आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत फिटनेस, पर्यावरण जागरूकता और दैनिक शारीरिक गतिविधि को बढ़ावा देने वाली साइकिल रैली से हुई, जिसके बाद ऊर्जावान ज़ुम्बा और एरोबिक्स सत्र का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने रस्साकशी (टग ऑफ वार), बोरा दौड़ (सैक रेस) और रस्सी कूद (स्किपिंग रोप) जैसे मनोरंजक फिटनेस खेलों में भी भाग लेकर टीम भावना और खेल कौशल का परिचय दिया।

17 दिसंबर 2024 को नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में ‘पॉल्यूशन का सॉल्यूशन’ संदेश और लगभग 500 साइकिल चालकों के साथ शुरू हुई ‘संडेज ऑन साइकिल’ पहल ने 100 संस्करणों में देशभर में लगभग 40 लाख संचयी भागीदारी दर्ज की है। वर्तमान में यह साप्ताहिक अभियान लगभग 10,000 स्थानों पर आयोजित किया जा रहा है और देशभर में 6,000 से अधिक फिट इंडिया नमो साइकिलिंग क्लब स्थापित हो चुके हैं। ओलंपिज़्म के तीन मूल मूल्यों—उत्कृष्टता, सम्मान और मित्रता का उत्सव मनाते हुए तथा 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों और 2036 ओलंपिक खेलों के लक्ष्य को बल देते हुए, यह पहल मोटापे के विरुद्ध अभियान, नशा-मुक्त जीवनशैली, पर्यावरण स्थिरता, महिला सशक्तिकरण, राष्ट्रीय एकता और संवैधानिक मूल्यों जैसी राष्ट्रीय प्राथमिकताओं को निरंतर आगे बढ़ा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *