निर्मला कॉन्वेंट स्कूल के वार्षिकोत्सव ‘ऐक्य’ में दिखी भारतीय सांस्कृतिक एकता की अनुपम छटा

हल्द्वानी, 21 नवंबर। निर्मला कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, काठगोदाम का वार्षिकोत्सव ‘ऐक्य’ हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की थीम भारत की सांस्कृतिक विविधता में एकता को समर्पित रही। पूर्व, पश्चिम, उत्तर एवं दक्षिण भारत की विभिन्न संस्कृतियों को एक मंच पर प्रस्तुत कर विद्यार्थियों ने प्रेम, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
समारोह में मुख्य अतिथि कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपकुलपति डॉ. सतपाल सिंह एवं डीआईजी, सीआरपीएफ किशोर प्रसाद उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त जोगेंद्र रौतेला, फादर पायस (डीन ऑफ बरेली डायोसीज) फादर राजेश (प्रधानाचार्य, सेंट टेरेसा), विद्यालय की प्रबंधिका सिस्टर रिट्टी, प्रधानाचार्या सिस्टर स्मिता मैथ्यू एवं सिस्टर अनीशा सहित प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के पदाधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं नगर के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन की टीम ने कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं गणेश वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने उत्तराखंड, गुजरात, राजस्थान, पंजाब एवं दक्षिण भारत की लोकसंस्कृति पर आधारित रंगारंग नृत्य एवं संगीत प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। पारंपरिक वेशभूषा, आकर्षक मंच सज्जा और शानदार प्रस्तुतियों ने भारत की सांस्कृतिक विविधता को जीवंत कर दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों के माध्यम से एकता, प्रेम और आपसी सद्भाव का सुंदर संदेश दिया गया।

बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर निखारना जरूरी : दीपक रावत
मुख्य अतिथि कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे में अलग-अलग प्रतिभा और विशेषताएं होती हैं। आवश्यकता है कि उनकी प्रतिभा को पहचाना जाए और सही मार्गदर्शन देकर उसे निखारा जाए। उन्होंने रचनात्मक शिक्षा (क्रिएटिव लर्निंग) पर जोर देते हुए कहा कि आज हमारे पास सूचनाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के कारण बच्चों में एकाग्रता यानी फोकस कम होता जा रहा है। पहले बच्चे किताबों के अध्ययन पर अधिक ध्यान देते थे, जबकि अब उनका ध्यान कई दूसरी चीजों में बंट रहा है। ऐसे में बच्चों के लिए अच्छी पुस्तकों का अध्ययन करना और खेलकूद सहित रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ना बेहद जरूरी है।
उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों को मोबाइल और सोशल मीडिया का सीमित उपयोग करने दें तथा उनकी रुचि और प्रतिभा के अनुसार आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करें। बच्चों का समय पढ़ाई, खेलकूद और अच्छी पुस्तकों के अध्ययन में व्यतीत होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चे कच्चे हीरे की तरह होते हैं, जिन्हें सही मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से तराशकर उनकी प्रतिभाग को निखारा जा सकता है।
शहर को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी
दीपक रावत ने हल्द्वानी शहर की स्वच्छता पर भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी एक खूबसूरत शहर है शहर में पेयजल सहित अनेक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं, लेकिन स्वच्छता के प्रति अभी और जागरूक होने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी इसमें महत्वपूर्ण योगदान होना चाहिए। लोग कूड़ा इधर-उधर न फेंकें और कूड़ेदान का ही उपयोग करें। शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना हम सभी का सामूहिक कर्तव्य है।
मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रतिभाग की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ ही भारतीय संस्कृति, रचनात्मकता और राष्ट्रीय एकता के मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या सिस्टर स्मिता मैथ्यू ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस प्रकार वार्षिकोत्सव ‘ऐक्य’ का भव्य आयोजन इस संदेश के साथ संपन्न हुआ कि दिशाएं भले ही अलग-अलग हों, लेकिन प्रेम, संस्कृति और एकता की भावना हम सभी को एक सूत्र में बांधती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *