‎चंबा महोत्सव की तैयारियों का जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण, व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश
‎‎बिजली, पेयजल, मोबाइल शौचालय, साफ-सफाई एवं संपर्क मार्ग की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा, स्थानीय लोगों से महोत्सव में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने की अपील
‎ जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने आगामी 22 नवंबर से 02 दिसंबर तक आयोजित होने वाले चंबा महोत्सव की तैयारियों को लेकर बादशाहीथौल स्थित मेला स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं मेला समिति के पदाधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
‎‎जिलाधिकारी ने मेला स्थल पर विद्युत ट्रांसफार्मर की शिफ्टिंग की कार्यप्रगति की जानकारी लेते हुए विद्युत व्यवस्था सुचारु रखने को कहा। उन्होंने महोत्सव के दौरान निर्बाध पेयजल आपूर्ति, मोबाइल शौचालयों की उपलब्धता तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मेला समिति के पदाधिकारियों ने मेला स्थल पर पेयजल टैंकर खड़ा रखने तथा आवश्यकता के अनुसार लगातार रिफिलिंग की व्यवस्था करने का अनुरोध किया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
‎‎उन्होंने लोक निर्माण विभाग को मेला स्थल तक पहुंचने वाले संपर्क मार्ग को दुरुस्त करने तथा आवश्यक मरम्मत कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं वन विभाग को मेला स्थल पर कार्मिकों की निरंतर ड्यूटी सुनिश्चित करने को कहा, ताकि महोत्सव के दौरान वन विभाग से संबंधित व्यवस्थाओं एवं आवश्यक कार्यों की लगातार निगरानी बनी रहे।
‎‎निरीक्षण के दौरान मेला समिति के पदाधिकारियों ने मैदान में बने पुराने मंच को हटाने की मांग भी रखी। इस पर जिलाधिकारी ने समिति को इस संबंध में विधिवत आवेदन प्रस्तुत करने तथा आवेदन प्राप्त होने के बाद संबंधित विभागों की संयुक्त टीम द्वारा स्थल का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर मंच को निष्प्रयोज्य घोषित करने तथा नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
‎‎चंबा महोत्सव में स्थानीय एवं अन्य क्षेत्रों के लोक कलाकारों तथा गायकों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जो महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेंगी। जिलाधिकारी ने स्थानीय जनमानस से महोत्सव में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय संस्कृति, लोक कला एवं प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ ही क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने में भी सहायक हैं।
‎‎इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, अध्यक्ष दुग्ध संघ सुशील रावत सहित मेला समिति के पदाधिकारी, संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
‎

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *