हरिद्वार। बाल दिवस के अवसर पर वैश्य नारी शक्ति संगठन, पंचपुरी ने संकल्प शिक्षा, फेस- 2, हरिलोक कॉलोनी, ज्वालापुर में नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ बाल दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, प्रेम एवं उत्साह के साथ मनाया।
शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में संगठन की संस्थापक शशि अग्रवाल ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल बाल दिवस मनाना ही नहीं, बल्कि बच्चों के जीवन में खुशियों के कुछ रंग भरना, उन्हें अपनत्व का एहसास कराना और उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरना था।
संगठन की अध्यक्ष रितु तायल ने कहा कि बच्चों को दिया गया प्यार, सम्मान और प्रोत्साहन उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव बनता है। बच्चों की मुस्कान ही हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है।
इस विशेष अवसर पर संगठन की सभी बहनें अपने घरों से बच्चों के लिए बड़े ही प्रेम और स्नेह से स्वादिष्ट व्यंजन बनाकर लेकर आईं। सभी बहनों ने मिलकर बच्चों को अपने हाथों से भोजन परोसा और उनके साथ हँसी-खुशी के अनमोल पल बिताए। बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान ने पूरे आयोजन को बेहद यादगार बना दिया। कार्यक्रम में विशेष रूप से संगठन की सदस्य साक्षी मित्तल ने अपना जन्मदिन इन नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ मनाया। इस खास अवसर पर उन्होंने सभी बच्चों को उपहार भेंट कर उनके चेहरों पर खुशियाँ बिखेरीं। उन्होंने अपने जन्मदिन की खुशियाँ बच्चों के साथ साझा करते हुए कहा कि इन नन्हे-मुन्ने बच्चों के बीच अपना जन्मदिन मनाकर उन्हें एक अलग ही खुशी और आत्मिक संतुष्टि का अनुभव हुआ। संगठन की यह पहल इस बात का सुंदर उदाहरण रही कि समाज सेवा केवल बड़े आयोजनों से नहीं, बल्कि छोटे-छोटे प्रयासों, सच्चे प्रेम और संवेदनशीलता से भी की जा सकती है।
इस अवसर पर संगठन की संस्थापक शशि अग्रवाल, अध्यक्ष ऋतु तायल, उपाध्यक्ष नमिता गुप्ता, कोषाध्यक्ष शालिनी अग्रवाल, मंत्री पूजा अग्रवाल सहित दिव्या अग्रवाल, आरती अग्रवाल, अमिता अग्रवाल अंजू गोयल, विंनती जैन, रेखा कंसल, मीनाक्षी बिंदल एवं संगठन की अन्य सदस्य बहनें उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *