ट्रेड यूनियन नेताओं ने की श्रमिक नेताओं पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग

22 नवंबर को मजदूर महापंचायत का ऐलान

हरिद्वार। भेल मजदूर ट्रेड यूनियन के संयोजन में विभिन्न श्रमिक यूनियनों से जुड़े प्रतिनिधियों ने प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान श्रमिकों पर दर्ज किए गए मुकदमे और जिला बदर की कार्रवाई वापस लेने की मांग की है। प्रेस वार्ता के दौरान अशोक चौधरी ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में श्रम कानून का पालन नहीं किया जा रहा है। अपनी जायज मांग रखने वाले श्रमिक नेताओं पर गुंडा एक्ट जैसी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने मांग की कि पंकज बावड़ी, जयप्रकाश पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई को निरस्त किया जाए, वरना श्रमिक बड़ा आंदोलन करेंगे। राजकिशोर ने कहा कि फैक्ट्री मालिक श्रमिकों को दबाना चाहते हैं। न्यूनतम वेतन के कानून का भी पालन नहीं किया जा रहा है, ओवरटाइम के पैसे भी नहीं दिए जा रहे हैं। श्रमिकों से 12-12 घंटे काम लिया जा रहा है। श्रम विभाग चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने कहा कि जिन श्रमिक नेताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज किए गए हैं, उनको तुरंत वापस लिया जाए। 22 नवंबर को मजदूर महापंचायत श्रमिकों के हितों के संरक्षण में की जाएगी। वीरेंद्र, राधेश्याम ने कहा कि ठेका प्रथा समाप्त होनी चाहिए, श्रमिकों का उत्पीड़न करना बंद किया जाए। श्रम कानून के अनुसार ओवरटाइम का भुगतान नियमों के तहत ही किया जाना चाहिए। प्रेस वार्ता के दौरान रोहित, विनय दाबड़े, प्रेम, राधेश्याम, निशु आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *