कैंसर उपचार की सुविधा हरिद्वार में मिलना बड़ी उपलब्धि, चिकित्सा सेवा मानवता की महान सेवा: विनय शंकर पाण्डेय

*** होप सुपर स्पेशियलिटी एवं केंसर हास्पिटल में सिटी- पैट स्कैन मशीन का शुभारंभ

हरिद्वार। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग, उत्तराखंड के सचिव विनय शंकर पाण्डेय ने कहा कि

कैंसर का नाम सुनते ही मरीज ही नहीं, बल्कि पूरा परिवार मानसिक और आर्थिक संकट से घिर जाता है। बीमारी के लंबे और महंगे उपचार, अलग-अलग चरणों तथा महानगरों के अस्पतालों की भागदौड़ के बीच मरीज और उसके परिजनों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे समय में यदि अत्याधुनिक उपचार सुविधा अपने ही शहर में उपलब्ध हो जाए तो यह किसी वरदान से कम नहीं है। यह बात उन्होंने शुक्रवार को  होप सुपर स्पेशियलिटी एवं केंसर हॉस्पिटल, हरिद्वार में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ चिकित्सकों, अस्पताल प्रबंधन, सम्मानित अतिथियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कही। सचिव विनय शंकर पाण्डेय ने कहा कि डॉ. एस.के. मिश्रा की ओर से कैंसर उपचार की सुविधा उपलब्ध कराकर हरिद्वार एवं आसपास के क्षेत्रों के मरीजों के लिए सराहनीय कार्य किया जा रहा है। इससे मरीजों को उपचार के लिए बार-बार महानगरों की ओर जाने की परेशानी से राहत मिलेगी और उनके समय तथा संसाधनों की बचत होगी। उन्होंने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ाई केवल दवाइयों और चिकित्सा उपकरणों से नहीं, बल्कि हौसले, संवेदना और सहयोग से भी लड़ी जाती है। समाज के गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को उपचार उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने राज्य सरकार से भी अस्पताल को आवश्यक सहयोग और सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मंशा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रविन्द्र पुरी महाराज ने कहा कि “जिस प्रकार विद्या का दान महान माना गया है, उसी प्रकार चिकित्सा का दान भी मानवता का महान दान है। किसी जरूरतमंद को समय पर उपचार मिल जाना केवल एक व्यक्ति की जिंदगी बचाना नहीं, बल्कि पूरे परिवार में उम्मीद और विश्वास को जीवित करना है।”उन्होंने कहा कि होप हॉस्पिटल जिस विजन के साथ चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार कर रहा है, उसका लाभ हर वर्ग तक पहुंचना चाहिए। इस दिशा में अस्पताल प्रबंधन के प्रयासों को समाज, प्रशासन और सरकार का सहयोग मिलना आवश्यक है।

डॉ एसके मिश्रा ने कहा कि होप सुपर स्पेशियलिटी एवं केंसर हास्पिटल में सिटी- पैट स्कैन मशीन का शुभारंभ सचिव विनय शंकर पाण्डेय के कर कमलों से किया गया है। अब केंसर के मरीजों को जांच के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि हरिद्वार को बेहतर कैंसर उपचार सुविधाओं का केंद्र बनाने की दिशा में यह पहल मील का पत्थर साबित होगी और आने वाले समय में अधिक से अधिक मरीजों को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। इस मौके पर अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, महामंडलेश्वर डॉ संतोषानंद देव, महामंडलेश्वर सत्यश्री महाराज, जगदीश लाल पाहवा, प्रमोद शर्मा, सीए आशुतोष पाण्डेय, डॉ संजय शाह, डॉ मनीष दत्त, उमेश शर्मा डॉ आरके सिद्धु, सुखप्रीत, हेमा भट्ट, विकास कुमार झा, महेश दुबे, उज्जवल पंडित सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहें।‌

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed