जयपुर में  NUJI का तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन
– देश एवं प्रदेश भर से जुटेंगे 1,000 पत्रकार
– ​पत्रकार सुरक्षा कानून, फेक न्यूज और मीडिया की साख जैसे गंभीर मुद्दों पर होगा मंथन
​जयपुर। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स, इंडिया (NUJI) का तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन जयपुर में आयोजित होने जा रहा है। आगामी 18, 19 और 20 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले इस पत्रकार महाकुंभ में देशभर से 1,000 से अधिक वरिष्ठ पत्रकार, संपादक और मीडियाकर्मी भाग लेंगे। अधिवेशन की मेजबानी एनयूजेआई की राज्य संबद्ध इकाई ‘जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ राजस्थान’ (जार) द्वारा की जाएगी।
​एनयूजेआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी एवं राष्ट्रीय महासचिव प्रदीप तिवारी ने बताया कि इस अधिवेशन का मुख्य उद्देश्य भारतीय पत्रकारिता के भावी स्वरूप और पत्रकारों के हितों व अधिकारों की रक्षा करना है। तीन दिनों तक चलने वाले इस महाकुंभ में कुल चार विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें मीडिया जगत से जुड़े ज्वलंत विषयों पर गहन विचार-विमर्श और मंथन होगा। ​हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष: हिंदी समाचार पत्रों के दो शताब्दियों के सफर, इसके उज्ज्वल भविष्य, मीडिया में आ रहे अभूतपूर्व अवसरों और वर्तमान दौर की उभरती चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। वहीं
सोशल मीडिया के तीव्र प्रसार के बीच मुख्यधारा मीडिया की साख बचाना, फेक न्यूज के प्रसार पर रोक लगाना और मीडिया की साख को पुनस्थापित करने के व्यावहारिक समाधान ढूंढना।
देशभर में पत्रकारों पर बढ़ रहे हमलों को देखते हुए ‘पत्रकार सुरक्षा कानून’ लागू करने, ‘मीडिया काउंसिल’ और ‘नेशनल जर्नलिस्ट्स रजिस्टर’ के गठन की मांग पर विचार मंथन होगा।
– ​नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का पदभार ग्रहण समारोह
​यह राष्ट्रीय अधिवेशन संगठन की नई कमान के हस्तांतरण का भी गवाह बनेगा। जार राजस्थान की मेजबानी में आयोजित इस समारोह में एनयूजेआई के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश थपलियाल, राष्ट्रीय महासचिव राकेश कुमार शर्मा (पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, जार राजस्थान) और राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रामचंद्र सहित केंद्रीय कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारी विधिवत अपना पदीय कार्यभार संभालेंगे।
– ​व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू
​जार राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष संजय सैनी, प्रदेश महासचिव सुरेश पारीक, जार जयपुर शहर अध्यक्ष लेशिश जैन तथा जयपुर ग्रामीण अध्यक्ष सुरेश शर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि इस राष्ट्रीय अधिवेशन की सफलता और देशभर से आ रहे प्रतिनिधियों की सुविधा के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है।
​अधिवेशन के दौरान राजस्थान की सांस्कृतिक झलक के साथ-साथ राज्य भर से आने वाले ‘जार’ के सदस्य व पदाधिकारी भी व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। यह अधिवेशन केवल एक सांगठनिक बैठक न होकर देश में निष्पक्ष और सुरक्षित पत्रकारिता का नया मार्ग प्रशस्त करने वाला ऐतिहासिक सम्मेलन साबित होगा। अधिवेशन में केंद्र एवं राज्य के केबिनेट मिनिस्टर का मार्गदर्शन रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *