उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड किशन सिंह नेगी ने एसआईआर-2026 की प्रगति की समीक्षा की
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ बैठक कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश, एसआईआर कंट्रोल रूम एवं मतदेय स्थल पर सुनवाई एवं निस्तारण कार्य का किया निरीक्षण
भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड से प्राप्त निर्देशों के क्रम में गुरुवार को उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड किशन सिंह नेगी ने जनपद रुद्रप्रयाग का भ्रमण कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत संचालित कार्यों की समीक्षा की।
पूर्वाह्न 11:00 बजे एनआईसी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने जनपद की दोनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों 07-केदारनाथ एवं 08-रुद्रप्रयाग के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में नोटिस वितरण, दावे एवं आपत्तियों की प्राप्ति, सुनवाई, निस्तारण, बीएलओ द्वारा किए जा रहे क्षेत्रीय सत्यापन, अभिलेखों के संधारण तथा आयोग के निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध कार्यवाही की समीक्षा की गई।
उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं समय-सीमा का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचक नामावलियों का शुद्ध एवं त्रुटिरहित अद्यतन लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं तथ्यपरक परीक्षण करते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सभी दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण नियमानुसार समयबद्ध रूप से किया जाए तथा पात्र मतदाता किसी भी स्थिति में निर्वाचन नामावली से वंचित न रहें।
बैठक के उपरांत उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिला निर्वाचन कार्यालय रुद्रप्रयाग स्थित एसआईआर कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने कंट्रोल रूम में संचालित व्यवस्थाओं, अभिलेखों के संधारण, प्राप्त शिकायतों एवं उनके निस्तारण, दैनिक प्रगति के अनुश्रवण तथा सूचना संकलन की व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सूचनाओं का नियमित अद्यतन किया जाए तथा आयोग को भेजी जाने वाली रिपोर्टें निर्धारित प्रारूप एवं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
इसके पश्चात उन्होंने विधानसभा क्षेत्र रुद्रप्रयाग के मतदेय स्थल संख्या-151, शहीद गोविंद सिंह राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रुद्रप्रयाग पहुंचकर नोटिसों की सुनवाई एवं निस्तारण की प्रक्रिया का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ से प्राप्त आवेदनों, नोटिसों की तामील, सुनवाई की कार्यवाही तथा अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण में पारदर्शिता बनाए रखते हुए पात्र व्यक्तियों को नियमानुसार अवसर प्रदान किया जाए तथा सभी अभिलेख सुव्यवस्थित रूप से संधारित किए जाएं।
समीक्षा बैठक एवं निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत, उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।