कालीशिला में हृदयाघात से अचेत हुए गुजरात के श्रद्धालु का चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में किया गया एयर रेस्क्यू,देहरादून मैक्स अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कालीशिला क्षेत्र में शुक्रवार को हृदयाघात के कारण अचेत हुए गुजरात निवासी श्रद्धालु पर्वत भाई (44 वर्ष) का जिला प्रशासन, यूकाडा, डी.डी.आर.एफ., पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वित प्रयासों से प्रतिकूल मौसम और दुर्गम परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू कर हेलीकॉप्टर से देहरादून भेजा गया था। देहरादून मैक्स अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि शुक्रवार दोपहर सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने तत्काल डी.डी.आर.एफ., पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमों को मौके पर रवाना किया। डी.डी.आर.एफ. की टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया तथा हेलीकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग के लिए उपयुक्त स्थान का चयन कराया।
लगातार बदलते मौसम एवं दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद जिला प्रशासन एवं यूकाडा के समन्वित प्रयासों से हेलीकॉप्टर को कालीशिला पहुंचाकर श्रद्धालु को सुरक्षित एयरलिफ्ट किया गया और शीघ्र उपचार के लिए देहरादून भेजा गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों द्वारा उन्हें मृत घोषित किया गया।
पूरे राहत एवं बचाव अभियान में जिला प्रशासन, यूकाडा, डी.डी.आर.एफ., पुलिस, स्वास्थ्य विभाग तथा स्थानीय लोगों ने त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई करते हुए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई परंतु श्रद्धालु की जान नहीं बच पाई।