अगस्त्यमुनि में सेवा सप्ताह पर होगी मैराथन दौड़, 3 जुलाई शाम 5 बजे तक पंजीकरण जरूरी

केंद्र सरकार के ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ अभियान के तहत मनाए जा रहे सेवा सप्ताह के दौरान खेल विभाग अगस्त्यमुनि 04 जुलाई को मैराथन दौड़ का आयोजन करने जा रहा है।

जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रभारी जयवीर सिंह रावत ने बताया कि यह दौड़ 04 जुलाई को प्रातः 7 बजे अगस्त्यमुनि क्रीड़ा मैदान से शुरू होगी। प्रतियोगिता बालक और बालिका दोनों वर्गों में अलग-अलग दूरी पर कराई जाएगी। बालक वर्ग की दौड़ 3 किमी और बालिका वर्ग की दौड़ 1.5 किमी निर्धारित की गई है।

उन्होंने बताया कि मैराथन का रूट अगस्त्यमुनि खेल मैदान से सिल्ली बाजार होते हुए स्वरगढ पुल तक रहेगा। यहां से प्रतिभागी उसी रूट से वापस लौटकर स्पोर्ट्स स्टेडियम अगस्त्यमुनि में दौड़ पूरी करेंगे।

पंजीकरण की अंतिम तिथि 3 जुलाई

क्रीड़ा अधिकारी के अनुसार, प्रतियोगिता में शामिल होने के इच्छुक खिलाड़ियों को 03 जुलाई की सायं 5 बजे तक क्रीड़ा मैदान अगस्त्यमुनि में अपना पंजीकरण कराना होगा। बिना पंजीकरण किसी को भी दौड़ में शामिल नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि दौड़ में प्रथम से छठे स्थान तक रहने वाले खिलाड़ियों को विभाग की ओर से आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे।

प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी ने क्षेत्र के सभी युवाओं और छात्र-छात्राओं से सेवा सप्ताह के इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *