एनसीओआरडी समिति की बैठक में नशा उन्मूलन अभियान की प्रगति की समीक्षा
जनपद में एंटी ड्रग्स / नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत जनपद स्तरीय एनसीओआरडी (NCORD) समिति की बैठक अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में विगत माह की कार्रवाई की समीक्षा करते हुए अवगत कराया गया कि एनडीपीएस अधिनियम के तहत जनपद में कुल 03 अभियोग पंजीकृत किए गए, जो स्मैक, पोपी पोस्ट व चरस तस्करी से संबंधित हैं। इसके अतिरिक्त आबकारी अधिनियम के अंतर्गत 14 अभियोग दर्ज किए गए।
बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि जनपद की एएनटीफ़ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) टीमों द्वारा नशे के विरुद्ध जनजागरूकता अभियान के तहत 41 गोष्ठियों का आयोजन किया गया, जिनमें 1,445 छात्र-छात्राओं तथा 1,928 आम नागरिकों ने प्रतिभाग किया।
बैठक में अवगत कराया गया कि चम्बा थाना क्षेत्र के अंतर्गत हटवाल गांव में अवैध पोस्ता एवं अफीम की खेती का विनिष्टीकरण किया गया, तथा संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
चिकित्सा विभाग द्वारा बताया गया कि नेशनल टोबैको कंट्रोल प्रोग्राम (NTCP) के अंतर्गत 69 जनरल काउंसलिंग, 31 फार्माकोथेरेपी सत्र एवं जनजागरूकता के 2 कार्यक्रम संचालित किए गए। आबकारी विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि 68 छापेमारी कार्यवाही तथा 10 अभियोग पंजीकृत किए गए, जिसमें 117.41 लीटर अवैध मदिरा बरामद की गई।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि मई माह में 14 निरीक्षण किए गए। इस दौरान 8 खाद्य नमूने लिए गए। साथ ही एक प्रतिष्ठान का लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की गई तथा 5 प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए। जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा नशा मुक्ति पर कार्य गए रैली और वॉल पेंटिंग से अवगत कराया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि शैक्षणिक संस्थानों के आसपास निगरानी और सघन की जाए तथा एंटी ड्रग्स कमेटियों को सक्रिय किया जाए। उन्होंने हेल्पलाइन नंबर–1933 (मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन) का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, साथ ही आबकारी विभाग को जनजागरूकता अभियान से संबंधित पोस्टर दुकानों पर लगाने के निर्देश दिए। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने एवं नियमित निरीक्षण अभियान जारी रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सभी विभागों को नशा उन्मूलन अभियान को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा जनजागरूकता गतिविधियों में निरंतर तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जिला आबकारी अधिकारी कुंवर सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा, ड्रग इंस्पेक्टर ऋषभ धामा, पुलिस विभाग से संगीता आदि संबंधित उपस्थित रहे।