मानसून पूर्व तैयारियों को लेकर राज्य स्तरीय टेबल टॉप अभ्यास की समीक्षा बैठक आयोजित, 2 जुलाई 2026 को प्रस्तावित मॉक ड्रिल की तैयारियों का लिया जायजा

मानसून पूर्व तैयारियों के तहत आयोजित “राज्य स्तरीय मानसून तैयारी टेबल टॉप अभ्यास” के संबंध में सचिव, आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जनपदों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में आगामी 02 जुलाई को आयोजित होने वाली मॉक ड्रिल की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली गई तथा आपदा प्रबंधन को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए ।

सचिव आपदा प्रबंधन ने कहा कि आपदा के समय प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (IRS) के तहत सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने बचाव एवं राहत दलों की समय पर तैनाती सुनिश्चित करने, सेवा भाव से कार्य करने तथा चेन के अनुरूप कार्यवाही करने सम्बन्धी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन में महिला मंगल दल, युवक मंगल दल एवं स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए।

बैठक में जनपद टिहरी गढ़वाल में प्रस्तावित मॉक ड्रिल स्थलों की जानकारी देते हुए अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि मॉक ड्रिल के लिए घनसाली के जखन्याली गांव, देवप्रयाग के मूल्या गांव, नरेंद्रनगर के बगड़धार, कण्डीसौड़ के स्यांसू तथा टिहरी झील क्षेत्र का चयन किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक चयनित स्थल के लिए नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं, जो संबंधित गतिविधियों का नेतृत्व करेंगे। साथ ही टिहरी झील का जलस्तर बढ़ने की स्थिति में प्रभावित होने वाले अन्य जनपदों को समय पर सूचना उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

बैठक में अधीक्षण अभियंता लोनिवि केएस नेगी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट, अधिशासी अभियंता पेयजल संस्थान प्रशांत भारद्वाज, सहायक परिवहन अधिकारी बिराटिया, अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई जीआर नौटियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *