भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों के दल ने किया रुद्रप्रयाग भ्रमण, विशेष गहन पुनरीक्षण एवं निर्वाचन साक्षरता गतिविधियों का लिया जायजा
मतदाता साक्षरता क्लब के विद्यार्थियों से किया संवाद, बूथ स्तर पर एसआईआर कार्यों का किया स्थलीय निरीक्षण
जनपद रुद्रप्रयाग में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान की प्रगति तथा निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान मीडिया एवं संचार रणनीति की तैयारियों के दृष्टिगत भारत निर्वाचन आयोग के उप निदेशक अपूर्व कुमार सिंह के नेतृत्व में तीन सदस्यीय वरिष्ठ अधिकारियों का दल शुक्रवार को रुद्रप्रयाग भ्रमण पर पहुंचा।
दल में गौरी एस., सहायक निदेशक, भारत निर्वाचन आयोग तथा रंजीत श्रीवास्तव, वरिष्ठ वीडियो संपादक भी सम्मिलित रहे। भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से संबंधित गतिविधियों का स्थलीय अवलोकन, निर्वाचन साक्षरता कार्यक्रमों की समीक्षा तथा मीडिया एवं संचार रणनीति से जुड़े विभिन्न पहलुओं का प्रलेखन करना रहा।
भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने सर्वप्रथम जिला कार्यालय रुद्रप्रयाग पहुंचकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति, गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संग्रहण, डिजिटाइजेशन कार्य तथा निर्वाचन संबंधी विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
इसके उपरांत आयोग के अधिकारियों ने गुप्तकाशी स्थित डॉ. जैक्स विन नेशनल स्कूल में आयोजित मतदाता साक्षरता क्लब (Electoral Literacy Club) के कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ संवाद स्थापित करते हुए निर्वाचन साक्षरता, लोकतांत्रिक मूल्यों के महत्व तथा युवा मतदाताओं की भूमिका पर विस्तृत जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के छात्र ही कल के जागरूक मतदाता हैं, इसलिए उन्हें प्रारंभिक स्तर से ही निर्वाचन प्रक्रिया की समुचित जानकारी होना आवश्यक है। इस दौरान भारत निर्वाचन आयोग के ECI Net App की उपयोगिता, उसके माध्यम से उपलब्ध विभिन्न सेवाओं तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया गया। उन्होंने कहा कि जागरूक मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र और मजबूत राष्ट्र की आधारशिला होता है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं उपस्थित सभी प्रतिभागियों से भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को फॉलो करने तथा ECI Net App डाउनलोड करने की अपील भी की गई, ताकि निर्वाचन संबंधी अद्यतन जानकारियां एवं सुविधाएं समय-समय पर प्राप्त होती रहें।
भ्रमण के अगले चरण में आयोग के अधिकारियों ने बूथ संख्या-52, नाला का निरीक्षण कर विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत संचालित गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने बूथ स्तर अधिकारियों (BLO) के साथ एसआईआर कार्यों के प्रलेखन एवं मैदानी स्तर पर किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान बूथ संख्या-52 की बीएलओ विनीता देवी तथा बूथ संख्या-53 की बीएलओ पुष्पा देवी द्वारा गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन संबंधी कार्यों की विस्तृत जानकारी अधिकारियों को दी गई। अधिकारियों ने दोनों बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें इसी उत्साह एवं प्रतिबद्धता के साथ अभियान को सफलतापूर्वक पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया।