टिहरी गढ़वाल

एडीएम ने गैस एजेंसियों एवं सम्बन्धित विभागों की बैठक लेकर गैस वितरण व्यवस्था की समीक्षा की

अपर जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल शैलेंद्र सिंह नेगी ने शुक्रवार देर सायं अपने कार्यालय कक्ष में पूर्ति विभाग एवं जनपद में संचालित गैस वितरण एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था, प्राप्त स्टॉक, उपभोग तथा ई-केवाईसी की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में एडीएम ने जनपद की सभी गैस वितरण एजेंसियों से एक-एक कर गैस आपूर्ति से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की तथा घरेलू गैस सिलेंडरों की खपत, प्राप्त स्टॉक, शेष स्टॉक एवं वितरण की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने एजेंसी संचालकों से ई-केवाईसी की प्रगति, उपभोक्ताओं को आ रही समस्याओं तथा वितरण व्यवस्था में आने वाली कठिनाइयों के संबंध में जानकारी प्राप्त कर आवश्यक सुझाव एवं दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी ने विशेष रूप से देवप्रयाग एवं कीर्तिनगर क्षेत्र में गैस सिलेंडरों की कथित किल्लत के सम्बन्ध में जानकारी ली। इस पर सम्बन्धित एजेंसी प्रतिनिधियों द्वारा बताया गया कि अनेक उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूर्ण न होने के कारण वितरण प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। एडीएम ने निर्देश दिए कि ई-केवाईसी की प्रक्रिया में तेजी लाएं तथा उपभोक्ताओं को इसके प्रति जागरूक करें ताकि किसी भी पात्र उपभोक्ता को गैस वितरण में परेशानी न हो।
वहीं अंजनीसैंण स्थित चन्द्रबदनी गैस एजेंसी में ई-केवाईसी की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए एडीएम ने एजेंसी संचालकों को बेहतर नेटवर्क कनेक्टिविटी वाले उपकरणों का उपयोग करने तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त कार्मिकों की तैनाती करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की सुविधा सर्वोपरि है और ई-केवाईसी सहित अन्य प्रक्रियाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाना चाहिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने वर्चुअल माध्यम से विभिन्न गैस एजेंसियों के स्टॉक की भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पूछा कि प्रतिदिन कितने गैस सिलेंडर प्राप्त हो रहे हैं तथा कितना वितरण किया जा रहा है। इस संबंध में सभी एजेंसी प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र की स्थिति से अवगत कराया।
अपर जिलाधिकारी ने सभी एजेंसियों को निर्देशित किया कि गैस वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के साथ-साथ उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में गैस सिलेंडर की कमी या वितरण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी मनोज कुमार डोभाल सहित पूर्ति विभाग के संबंधित अधिकारी एवं गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *