टिहरी गढ़वाल
जनपद में एलपीजी आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था सामान्य

जिला पूर्ति अधिकारी टिहरी गढ़वाल मनोज कुमार डोभाल की जानकारी के अनुसार जनपद में घरेलू एलपीजी की प्राप्ति एवं वितरण की स्थिति पूर्णतः सामान्य बनी हुई है। विगत दिवस जनपद में स्थित एवं सेवा प्रदान करने वाली गैस एजेंसियों को कुल 2510 घरेलू एलपीजी सिलेण्डर प्राप्त हुए, जिनमें से 2324 सिलेण्डर उपभोक्ताओं को वितरित किए गए। वितरण के उपरांत एजेंसियों के पास 3746 सिलेण्डर शेष उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया कि एजेंसियों द्वारा रणकोट, चाका, गुरूयाली, पालकोट, लम्बगांव, नौघर, बौसाड़ी, क्यारी, माजफ, सेरा, मुखेम सहित अन्य क्षेत्रों में भी नियमित रूप से गैस सिलेण्डरों का वितरण किया गया है।
व्यावसायिक एलपीजी सिलेण्डरों हेतु जनपद को प्रतिदिन 212 सिलेण्डरों का आवंटन प्राप्त हो रहा है, जिसके अनुसार एजेंसीवार एवं श्रेणीवार वितरण सुनिश्चित किया गया है। विगत दिवस 19 किलोग्राम श्रेणी के 30 सिलेण्डर प्राप्त हुए, जबकि 92 सिलेण्डरों का वितरण किया गया।

उन्होंने यह भी बताया की एलपीजी आपूर्ति एवं वितरण की प्रभावी निगरानी हेतु गठित त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। अब तक गैस गोदामों, पेट्रोल पम्पों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं होटलों के कुल 482 निरीक्षण किए जा चुके हैं। निरीक्षण के दौरान 14 घरेलू गैस सिलेण्डर जब्त किए गए, जिनमें से 05 सिलेण्डरों पर निर्धारित जुर्माना ₹7250 जमा कराने के उपरांत उन्हें मुक्त किया गया।
शिकायत निवारण के लिए जनपद मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम में अब तक 87 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनका निरंतर निस्तारण किया जा रहा है।

जिला पूर्ति अधिकारी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि एलपीजी की आपूर्ति सामान्य है, अतः आवश्यकता अनुसार ही गैस बुकिंग करें तथा होम डिलीवरी या प्वाइंट डिलीवरी के माध्यम से सिलेण्डर प्राप्त करें। किसी भी स्थिति में एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं।
साथ ही जिन उपभोक्ताओं द्वारा अपने कनेक्शन की ई-केवाईसी नहीं कराई गई है, वे शीघ्र अपनी संबंधित एजेंसी से संपर्क कर इसे पूर्ण कर लें।उन्होंने यह भी जानकारी दी कि शासन के निर्देशानुसार विवाह समारोह हेतु अधिकतम 02 व्यावसायिक सिलेण्डर प्राप्त करने के लिए इच्छुक आवेदक अपने आवेदन पत्र के साथ विवाह कार्ड संलग्न कर जिला पूर्ति कार्यालय अथवा संबंधित पूर्ति निरीक्षक कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
यदि किसी उपभोक्ता को घरेलू गैस की कालाबाजारी, दुरुपयोग, अवैध भंडारण, ओवररेटिंग अथवा अन्य किसी प्रकार की शिकायत दर्ज करानी हो, तो वे जनपद कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 01376-234793, 01376-233433 एवं 9456533332 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *