राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारियों की स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से विभिन्न मांगों के लिए सकारात्मक भेंट
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उत्तराखंड के प्रदेश मीडिया प्रभारी जगदीश सिंह नेगी ने बताया को प्रदेश अध्यक्ष श्री शरद रौतेला एवं प्रदेश महासचिव श्री विनोद पैन्यूली के नेतृत्व में 7 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल द्वारा कर्मचारी हितों से संबंधित विभिन्न मांगों के संबंध में माननीय स्वास्थ्य मंत्री, उत्तराखंड सरकार श्री सुबोध उनियाल जी से उनके निजी आवास पर भेंट की गई।
माननीय मंत्री जी द्वारा संगठन की मांगों को गंभीरता से लेते हुए मिशन निदेशक (NHM) श्री मनुज गोयल से तत्काल दूरभाष पर वार्ता की गई तथा संबंधित विषयों पर आज ही अपराह्न 2:00 बजे तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। तत्पश्चात प्रतिनिधिमंडल द्वारा सचिवालय स्थित कार्यालय में मिशन निदेशक NHM, एवं निदेशक NHM डॉ. रश्मि पंत एवं OIC (HR) से निदेशालय में भेंट कर विस्तार से चर्चा की गई।
संगठन की 8 सूत्रीय मांगों में से 5 प्रमुख मांगों पर निम्नानुसार त्वरित कार्यवाही हेतु आश्वासन प्राप्त हुआ:
दिनांक 07 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली EC बैठक में संगठन की प्रमुख मांगों को प्रस्तावित किया जाएगा।
1. सेवाकाल (Length of Service) को आधार बनाते हुए वेतन पुनर्संरचना (Salary Rationalization) का प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा।
2. एक दिन के सेवा अवकाश (Service Break) को पूर्णतः समाप्त करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा ।
3. चिकित्सीय अवकाश की स्वीकृति एवं अवकाश न ले पाने की स्थिति में 30 दिवस के अवकाश को आगामी वर्ष में समायोजित (Carry Forward) करने का प्रस्ताव लाया जाएगा।
4. कर्मचारियों हेतु स्वास्थ्य बीमा (Golden Card) सुविधा प्रदान करने के संबंध में प्रस्ताव शासन स्तर पर प्रेषित किया जा रहा है।
5. थर्ड पार्टी एजेंसी को समाप्त कर आउटसोर्स कर्मचारियों के समायोजन हेतु प्रस्ताव आगामी GB में प्रस्तुत किया जाएगा।
6. HR पॉलिसी से संबंधित अन्य मांगों को अगली EC बैठक में शामिल करने का आश्वासन दिया गया।
अन्य महत्वपूर्ण बिंदु:
– NHM संघ, चमोली द्वारा प्रस्तुत पत्र में उल्लिखित कर्मचारियों के नवीनीकरण (Renewal) एवं वेतन संबंधी विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया, जिसके त्वरित निस्तारण हेतु MD NHM द्वारा OIC को निर्देशित किया गया।
– समान कार्य के लिए समान वेतन एवं नियमितीकरण के संबंध में माननीय मंत्री जी द्वारा सचिव, स्वास्थ्य को पत्र प्रेषित किया जा रहा है, जिस पर शीघ्र ही बैठक आहूत की जाएगी।
– कर्मचारियों के नवीनीकरण (Renewal) को एक माह के लिए विस्तारित किया जा रहा है, जिसका आदेश शीघ्र जारी किया जाएगा।
– माह अप्रैल का वेतन बजट प्राप्त होते ही जनपदों को निर्गत कर दिया जाएगा।
बैठक में श्री आशीष भट्ट, श्री हरेंद्र कठैत, श्रीमती देवांती डबराल, श्री भूपेंद्र नेगी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे जगदीश सिंह नेगी प्रदेश मीडिया प्रभारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उत्तराखंड