*अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा की अध्यक्षता में जिला उद्योग मित्र प्राधिकृत समिति/एकल खिड़की सुगमता व्यवस्था की बैठक संपन्न*

*एमएसएमई इकाइयों को ब्याज/विद्युत उपादान पर विचार, निवेश सम्मेलनों की एमओयू इकाइयों की ग्राउंडिंग की हुई समीक्षा*

अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा की अध्यक्षता में आज जिला कार्यालय सभागार में जिला उद्योग मित्र प्राधिकृत समिति/एकल खिड़की सुगमता व्यवस्था की बैठक आयोजित की गई। बैठक में औद्योगिक विकास, मिनी औद्योगिक आस्थान भटवाड़ीसैंण की समस्याओं, एकल खिड़की प्रणाली के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) नीति-2015 के अंतर्गत उपादान स्वीकृति सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में पूर्व में आयोजित बैठक की कार्यवाही की समीक्षा की गई तथा संबंधित बिंदुओं पर की गई प्रगति पर चर्चा की गई।

महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र महेश प्रकाश ने मिनी औद्योगिक आस्थान, भटवाड़ीसैंण में रिक्त भूखंडों में पार्किंग एवं गेट निर्माण हेतु ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा ₹20.00 लाख (रु. बीस लाख) का आगणन तैयार कर महानिदेशक/आयुक्त उद्योग, देहरादून को स्वीकृति हेतु प्रेषित किए जाने की जानकारी दी गई। वहीं उन्होंने बताया कि जल संस्थान रुद्रप्रयाग के कनिष्ठ अभियंता द्वारा आस्थान में ऊंचाई पर टैंक निर्माण के संबंध में निरीक्षण किया गया तथा उनके द्वारा अवगत कराया गया कि आस्थान के बाहर सड़क के ऊपर भूमि उपलब्ध न होने के कारण पुराने टैंक के ऊपर लगभग 10 मीटर ऊंचाई बढ़ाने का प्रस्तावित आगणन तैयार किया जा रहा है।

इसके अतिरिक्त मै० पॉलीगॉन कैमिकल्स प्रा. लि. तथा मै० पब्लिसिटी (प्रो० पराग सक्सेना) को आवंटित प्लॉटों पर कार्य प्रारंभ करने हेतु जिला स्तरीय प्राधिकृत समिति के निर्देशानुसार नोटरी शपथ पत्र प्रस्तुत किए गए हैं। मै० पॉलीगॉन कैमिकल्स द्वारा 8 से 10 माह तथा मै० पब्लिसिटी द्वारा लगभग 6 माह में कार्य पूर्ण करने का शपथ पत्र प्रस्तुत किया गया है।

*एकल खिड़की सुगमता व्यवस्था की स्थिति*

एकल खिड़की सुगमता एवं अनुज्ञापन नियमावली 2015 के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 तक कुल 29 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें सभी 29 स्वीकृत किए गए। वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 23 आवेदन प्राप्त हुए और सभी 23 स्वीकृत किए जा चुके हैं। प्रारंभ से अब तक कुल 188 आवेदन प्राप्त हुए हैं तथा सभी 188 का निस्तारण किया जा चुका है। वर्तमान में कोई भी आवेदन लंबित नहीं है।

*एमएसएमई नीति-2015 के अंतर्गत ब्याज/विद्युत उपादान*

उत्तराखण्ड शासन की अधिसूचना दिनांक 03 दिसम्बर 2015 के अनुसार श्रेणी-‘ए’ जनपदों के उद्यमियों को 10 प्रतिशत ब्याज उपादान, अधिकतम ₹08.00 लाख प्रति इकाई प्रति वर्ष प्रदान किए जाने का प्रावधान है।

बैठक में मै० श्रीतीर्थम् रेजीडेंसी (ग्वींठा ब्यूंग), मै० मस्क हिल रिजॉर्ट (त्रियुगीनारायण रोड, रामपुर) एवं मै० शिवालिक वैली इन (कोनगढ़, सीतापुर) के ब्याज उपादान से संबंधित प्रकरणों पर चर्चा की गई। उक्त इकाइयों के कुल ₹9,29,359.00 के ब्याज उपादान प्रकरणों पर नियमानुसार विचार किया गया।

*निवेश सम्मेलनों की एमओयू इकाइयों की ग्राउंडिंग की समीक्षा*

Investor Summit 2018 के अंतर्गत कुल 10 इकाइयों में से 08 स्थापित हो चुकी हैं, 01 ग्राउंडिंग की प्रक्रिया में है तथा 01 इकाई ने ग्राउंडिंग प्रारंभ नहीं की है।

Investor Summit 2023 के अंतर्गत कुल 40 इकाइयों में से 26 स्थापित हो चुकी हैं, 08 ग्राउंडिंग की प्रक्रिया में हैं तथा 06 इकाइयों द्वारा अब तक ग्राउंडिंग नहीं की गई है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने के लिए समन्वित प्रयास किए जाएं तथा औद्योगिक इकाइयों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे जनपद में औद्योगिक विकास को गति मिल सके।

बैठक में उप जिलाधिकारी उखीमठ अनिल रावत, जिला पर्यटन विकास अधिकारी राहुल चौबे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रामप्रकाश, जिला विकास अधिकारी अनीता पंवार, जिला समाज कल्याण अधिकारी टी०आर० मलेठा, लीड बैंक मैनेजर अनूप सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, उद्यमी आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *